लखनऊ मेट्रो स्टेशन पर मदर्स डे मनाया गया। मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (UPMRC) ने खास अवसर पर ‘शो योर टैलेंट’ कार्यक्रम का आयोजन किया। हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में युवा कलाकारों ने बढ़चढ़कर हिस्सा लिया। कला के माध्यम से माताओं के निस्वार्थ प्रेम और उनके योगदान को दर्शाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अर्जुन पुरस्कार विजेता रचना गोविल शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं के साथ अपनी जर्नी साझा किया। गोविल ने भावुक होते हुए कहा कि उनकी खेल यात्रा और जीवन की हर सफलता के पीछे उनकी मां का अटूट विश्वास और योगदान रहा है। मां सबसे पहली गुरु होती है एक ऐसी गुरु जो हमें जिंदगी जीने के सभी गुण सिखाती। जीवन में लड़ना , आगे बढ़ना सबकुछ हम सबसे पहले अपनी मां से सीखते हैं। इसलिए यह बेहद जरूरी है कि मां का सम्मान सबसे ऊपर रखें । कार्यक्रम में कलाकारों ने मातृत्व की भावनाओं को समर्पित विभिन्न प्रस्तुतियां दीं। ‘माई तेरी चुनर’, ‘ओरी चिरैया’ और ‘लुका छुपी’ जैसे गीतों पर भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में शास्त्रीय और आधुनिक नृत्य शैलियों के साथ-साथ संगीत और काव्य पाठ का अनोखा संगम देखने को मिला।कलाकारों के साथ-साथ संस्था के पदाधिकारियों और अभिभावकों ने भी कविताओं, गीतों और गजलों के माध्यम से अपनी भावनाओं को साझा किया।


