चंदिया में नौगजा शाहदाता उर्स की तैयारियां शुरू:15 मई से शुरू होगा तीन दिवसीय मेला, सुरक्षा के रहेंगे पुख्ता इंतजाम

चंदिया में नौगजा शाहदाता उर्स की तैयारियां शुरू:15 मई से शुरू होगा तीन दिवसीय मेला, सुरक्षा के रहेंगे पुख्ता इंतजाम

उमरिया जिले के चंदिया में हजरत नौगजा शाहदाता रहमतुल्ला अलैह के तीन दिवसीय उर्स की प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। यह उर्स मेला 15, 16 और 17 मई 2026 को आयोजित होगा। उर्स की पूर्व तैयारियों की समीक्षा के लिए नगर परिषद चंदिया में कलेक्टर राखी सहाय की अध्यक्षता में एक बैठक हुई। बैठक के बाद कलेक्टर ने अधिकारियों के साथ मेला स्थल का निरीक्षण किया और सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में यातायात,पार्किंग,सुरक्षा,स्वच्छ पेयजल, चिकित्सा, बिजली,अग्निशमन,बैरिकेडिंग और श्रद्धालुओं के आवागमन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 6 पार्किंग स्थल चिह्नित किए हैं। कलेक्टर राखी सहाय ने निर्देश दिए कि मेला स्थल पर दुकानें इस तरह लगाई जाएं जिससे श्रद्धालुओं के आवागमन में बाधा न हो। मजार तक पहुंचने के लिए प्रवेश और निकासी मार्ग अलग-अलग बनाने को कहा गया है। कव्वाली कार्यक्रम स्थल पर मंच के सामने बैरिकेडिंग लगाने की जिम्मेदारी पीडब्ल्यूडी विभाग को सौंपी गई है। सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीताराम सत्या ने बताया कि मेला स्थल की निगरानी के लिए 4 वॉच टॉवर बनाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, पार्किंग स्थल, मजार परिसर और मंच के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। भीड़ के दौरान चोरी जैसी घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस के साथ स्वयंसेवक भी तैनात रहेंगे। कलेक्टर ने झूलों की सुरक्षा पर भी जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि पीडब्ल्यूडी और एमपीईबी की अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) के बाद ही झूलों को अनुमति दी जाए। कथली नदी किनारे बैरिकेडिंग लगाने और मेले में पर्याप्त पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए मेले में तीन फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की व्यवस्था की जाएगी।एंबुलेंस में डॉक्टरों की ड्यूटी भी लगाई जाएगी ताकि आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल स्वास्थ्य सुविधा मिल सके। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पार्किंग स्थल, मंच व्यवस्था, प्रवेश-निकासी मार्ग और पेयजल व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएं ताकि उर्स के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *