दोहरे हत्याकांड के गवाह का अपहरण फिर मर्डर! महाराष्ट्र में शिवसेना नेता गिरफ्तार, जांच में चौंकाने वाला खुलासा

दोहरे हत्याकांड के गवाह का अपहरण फिर मर्डर! महाराष्ट्र में शिवसेना नेता गिरफ्तार, जांच में चौंकाने वाला खुलासा

महाराष्ट्र के सांगली जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है। जत तालुका के एक दोहरे हत्याकांड (Double Murder Case) के मुख्य चश्मदीद गवाह दादसो नामदेव यमगर (50 वर्ष) की अपहरण के बाद निर्मम हत्या कर दी गई है। हत्यारों ने इस वारदात को आत्महत्या का रूप देने के लिए मृतक के शव को कर्नाटक के अथनी के पास एक पेड़ से लटका दिया था। हालांकि, कवठेमहांकाल पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटों के भीतर इस साजिश का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

गवाही देने जाते समय किया अपहरण, फिर हत्या

यह पूरी घटना 5 मई की सुबह की है। जत तालुका के कोसारी निवासी दादसो यमगर सांगली की एक अदालत में चल रहे पुराने मर्डर केस में अपनी गवाही दर्ज कराने जा रहे थे। जब वे नागज फाटा पहुंचे, तभी एक सफेद रंग की बोलेरो कार में आए बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में उनका रास्ता रोका और उन्हें जबरन अगवा कर लिया। इसके बाद आरोपी उन्हें पड़ोसी राज्य कर्नाटक की सीमा में ले गए और अथणी के पास एक सुनसान खेत में उनकी हत्या कर दी।

सूचना मिलते ही एक्शन में आया पुलिस महकमा

वारदात की गंभीरता को देखते हुए कोल्हापुर रेंज के विशेष पुलिस महानिरीक्षक सुनील फुलारी और सांगली के पुलिस अधीक्षक तुषार दोषी के मार्गदर्शन में कवठेमहांकाल पुलिस ने तेजी से जांच शुरू की। तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने 12 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों में ज्ञानु खोत (25), रोहित पाटोले (25) और हर्षद पैलवान (30, निवासी तासगाव) शामिल हैं। रोहित पाटोले शिवसेना (शिंदे गुट) की युवासेना शहर प्रमुख बताया जा रहा है। जबकि दो आरोपी फरार है।

क्या है पूरा मामला?

इस हत्या के पीछे की जड़ें जुलाई 2023 में हुए एक विवाद से जुड़ी हैं। कोसारी गांव में कुएं से मिट्टी निकालने के मामूली विवाद में विलास और प्रशांत यमगर की हत्या कर दी गई थी। उस मामले में एक महिला समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया गया था, जिनमें से महिला और उसका बेटा फिलहाल जमानत पर बाहर हैं। दादसो यमगर इसी केस के मुख्य गवाह थे। आरोपियों को डर था कि दादसो की गवाही से उनकी मुश्किलें बढ़ सकती हैं, इसी रंजिश के चलते उन्हें जान से मारने की साजिश रची।

दो आरोपी अब भी फरार, छापेमारी जारी

पुलिस के अनुसार, इस जघन्य हत्याकांड में शामिल तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है, लेकिन सुयश उर्फ स्वप्निल खुले और अमर खताल अभी भी फरार हैं। पुलिस की टीमें दोनों की तलश में दबिश दे रहीं है। पुलिस ने आरोपियों द्वारा इस्तेमाल की गई बोलेरो को भी जब्त कर लिया है और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *