प्रयागराज के तेलियरगंज में इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र नेता और अधिवक्ता रजनीश कुमार सिंह पर हुई फायरिंग के मामले में बिशप जॉनसन स्कूल कटरा की प्रधानाचार्य प्रियदर्शनी सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उन्होंने अपने साथियों को फायरिंग के लिए उकसाया था। पुलिस अब फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। जांच में पता चला कि गाड़ी में एक महिला समेत तीन लोग मौजूद थे। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने प्रियदर्शनी सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
शिवकुटी थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि जांच में यह सामने आया है कि महिला प्रधानाचार्य ने अपने साथी को गोली चलाने के लिए उकसाया था। गिरफ्तार आरोपी को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जमानत मिल गई। पुलिस अन्य दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। वहीं, इस मामले में प्रियदर्शनी सिंह ने कोई टिप्पणी करने से इनकार किया। गांव से लौट रहे थे घर
रजनीश कुमार सिंह श्रिया अपार्टमेट बाबा चौराहे के पास रहते हैं। वह इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रनेता और अधिवक्ता हैं। उन्होंने बताया कि 6 मई की रात वह अपने गांव बनवीपपुर से घर लौट रहे थे। थार में तीन लोग सवार थे
तभी शिवकुटी में स्टैनली रोड पर कैंटोमेंट एरीया के पास काले रंग की थार ने उनकी फॉर्च्यूनर को ओवरटेक किया। इसमें तीन लोग सवार थे। थार जैसे ही ओवरटेक कर आगे निकली, इसमें सवार लोगों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
जानकारी देने पर भी कार्रवाई नहीं की
बदमाशों ने एक के बाद एक छह राउंड फायर किए और फिर भागने लगे। खदेड़ने पर कलश चौराहे से बाएं मुड़कर कुछ दूर तक जाने के बाद थार छोड़कर भाग निकले। इसमें नंबर प्लेट नहीं थी। सूचना पर शिवकुटी पुलिस आ गई। हालांकि प्रकरण की लिखित जानकारी देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई।
अफसरों ने फटकार लगाई
पीड़ित ने बताया कि अगले दिन वह शिकायत लेकर पुलिस कमिश्रनर जोगेंद्र कुमार व एडिशनल सीपी डॉ. अजयपाल शर्मा के पास पहुंचे। दोनों अफसरों ने फटकार लगाई तब जाकर शिवकुटी पुलिस ने दोपहर में 1:16 मिनट पर मुकदमा दर्ज किया था।


