ग्वालियर शहर में एक बार फिर बाइक सवार बदमाशों ने झपटमारी की वारदात को अंजाम देकर पुलिस की चुनौती बढ़ा दी है। महाराजपुरा थाना क्षेत्र में लक्ष्मणगढ़ पुल के पास टाटा मोटर्स के सामने अपाचे बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने भाई के साथ जा रही नवविवाहिता के गले से करीब ढाई तोला वजनी सोने का हार झपट लिया और फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, मुरैना जिले के अंबाह निवासी 26 वर्षीय कृष्णा वर्मा 4 अप्रैल की दोपहर करीब 12:30 बजे अपनी बहन रानी को विदा कराकर बाइक से घर ले जा रहा था। रानी की शादी नवंबर 2025 में ग्वालियर में हुई थी। दोनों जैसे ही लक्ष्मणगढ़ पुल के पास पहुंचे, तभी पीछे से अपाचे बाइक पर आए तीन युवकों ने उनकी बाइक के करीब आकर वारदात को अंजाम दिया। पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर रानी के गले से सोने का हार छीन लिया। अचानक हुई वारदात से कृष्णा की बाइक डगमगा गई और दोनों गिरते-गिरते बच गए। कृष्णा ने बाइक संभालते हुए बदमाशों का पीछा शुरू किया। इसी दौरान रास्ते में डायल-112 की टीम दिखाई दी। पुलिस के साथ मिलकर आरोपियों का पीछा किया गया, लेकिन बदमाश मुरैना की ओर भाग निकले। सूचना मिलते ही महाराजपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। क्षेत्र में नाकाबंदी भी कराई गई, लेकिन देर रात तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पीड़ित परिवार के अनुसार, तीनों आरोपी चेहरे पर साफी बांधे हुए थे और उनकी उम्र करीब 24 से 30 साल के बीच थी। बता दें कि बीते दिनों ग्वालियर के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के राजवाड़ा इलाके और ग्वालियर थाना क्षेत्र के पटेल नगर स्थित बारात घर के बाहर दूल्हे के चाचा और पिता से नकदी से भरा बैग लूट लिया गया था। उस मामले में भी पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर मुरैना और धौलपुर तक पहुंची थी, लेकिन आरोपियों का पता नहीं चल सका था। आरोपी की तलाश की जा रही महाराजपुरा थाना प्रभारी यशवंत गोयल ने बताया कि तीन अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने नवविवाहिता के गले से सोने का हार झपट लिया। पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।


