रायबरेली शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में अचानक हुई बारिश और आंधी ने मई के महीने में मौसम का मिजाज बदल दिया है। सुबह हुई इस बारिश से तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ और उड़द की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई है। बारिश के कारण सुबह का तापमान गिरकर लगभग 20 से 22 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। कुछ हफ़्ते पहले जहां भीषण गर्मी पड़ रही थी, वहीं अब लोगों को घरों में पंखे बंद करने पड़े और रात व सुबह के समय चादर ओढ़नी पड़ी। मौसम में आए इस बदलाव से सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। तेज हवाओं और बिजली की गरज के साथ हुई बारिश ने सामान्य दिनचर्या को बाधित किया। सतांव क्षेत्र के गांवों में हुई इस बारिश ने जहां एक ओर ग्रामीणों को गर्मी से राहत दी, वहीं दूसरी ओर उड़द की फसल उगाने वाले किसानों के लिए चिंता बढ़ा दी है। किसान रूप चंद ने बताया कि मई महीने में उनके खेत में लहलहा रही उड़द की फसल इस अप्रत्याशित बारिश से खराब हो सकती है। गौरतलब है कि मौसम विभाग ने पहले ही आंधी के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया था। जिला प्रशासन ने भी लोगों को बारिश के दौरान पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की हिदायत दी है। मौसम विभाग के अनुसार, बारिश का यह सिलसिला अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकता है।


