ग्वालियर के गोला का मंदिर थाना क्षेत्र स्थित ग्रैंड पैलेस मैरिज गार्डन में बुधवार को भीषण आग लग गई। इस घटना में लाखों रुपए का सामान जलकर खाक हो गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग अचानक भड़की और तेजी से फैल गई। टेंट, सजावट का सामान, फर्नीचर और अन्य सामग्री इसकी चपेट में आ गई। आग की लपटें दूर से ही दिखाई दे रही थीं। अधिकारियों ने बताया कि यह मैरिज गार्डन लंबे समय से बंद था। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने के लिए लगभग तीन टैंकर पानी का इस्तेमाल किया गया। अधिकारियों के अनुसार, समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे किसी बड़े हादसे को टाला जा सका।इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।अधिकारियों ने बताया कि आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।


