भिंड में नेशनल हाईवे-719 पर मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। गुरीखा चौराहे के पास करीब साढ़े नौ बजे लोडिंग वाहन और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ग्वालियर की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार लोडिंग वाहन ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। बाइक पर सवार तीनों युवक एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में लायक सिंह कुशवाह, मुकेश सिंह, दाताराम सिंह शामिल है। घटना के बाद बारात में जा रहे लोगों और स्थानीय ग्रामीणों ने आक्रोश में हाईवे पर जाम लगा दिया। देखते ही देखते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। ग्रामीणों का आरोप था कि सूचना देने के बावजूद काफी देर तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।
हालांकि डायल-112 एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन पुलिस की एफआरबी टीम के समय पर न पहुंचने से लोगों में नाराजगी देखने को मिली। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें निजी वाहन से तत्काल ग्वालियर रेफर किया गया। खबर लिखे जाने तक जाम की स्थिति बनी हुई थी और पुलिस के देरी से पहुंचने को लेकर लोगों में आक्रोश व्याप्त था।


