ईरान के मिसाइल लॉन्च करने के बाद अमेरिका भी अलर्ट, पेंटागन ने मुकाबला करने के लिए कर ली है पूरी तैयारी

ईरान के मिसाइल लॉन्च करने के बाद अमेरिका भी अलर्ट, पेंटागन ने मुकाबला करने के लिए कर ली है पूरी तैयारी

UAE air alert : अमेरिका और ईरान में जंगी तनाव के बीच ईरान के 15 मिसाइल लॉन्च करने के बाद पूरी दुनिया की नजरें अब यूएस और पेंटागन के अगले कदम पर जमी हुई हैं। ईरान ने मल्टीपल बैलिस्टिक मिसाइल ​लॉन्च की है। संयुक्त अरब अमीरात में एक बार फिर से भारी तनाव की स्थिति बन गई है और युद्ध के बादल मंडराने लगे हैं। ‘प्रोजेक्ट फ्रीडम’ के तहत पेंटागन की रणनीति साफ है-होर्मुज जलडमरूमध्य में तैनात अमेरिकी विध्वंसक और यूएई का एयर डिफेंस सिस्टम ईरान की हर मिसाइल का अंत कर रहे हैं। दुबई और अबू धाबी सहित कई इलाकों में हवा में तेज धमाकों की आवाजें सुनी गईं, जिसके बाद पूरे देश में इमरजेंसी एयर अलर्ट जारी कर दिया गया है।

मिसाइल और ड्रोन किए गए इंटरसेप्ट

यूएई के रक्षा मंत्रालय ने इस बात की पुष्टि की है कि उनके अत्याधुनिक वायु रक्षा तंत्र ने ईरान की ओर से दागी गई 15 मिसाइलों को हवा में ही मार गिराया है। इनमें 12 बैलिस्टिक और 3 क्रूज मिसाइलें शामिल थीं। इसके साथ ही 4 ईरानी ड्रोन्स को भी नष्ट कर दिया गया है। हवा में इन मिसाइलों के इंटरसेप्शन के कारण ही यूएई के प्रमुख शहरों में तेज धमाके सुने गए।

फुजैरा के तेल डिपो में लगी भीषण आग

हालांकि डिफेंस सिस्टम सक्रिय है, लेकिन ईरान की ओर से आए एक ड्रोन के हमले के कारण यूएई के प्रमुख एनर्जी हब ‘फुजैरा ऑयल इंडस्ट्री जोन’ में भयंकर आग लग गई है। बताया जा रहा है कि इस घटना में तीन भारतीय नागरिक घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल प्रभाव से इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

नागरिकों के लिए अलर्ट जारी

यूएई के अधिकारियों और नागरिक सुरक्षा टीमों ने आम लोगों से अपील की है कि वे पैनिक न करें और सुरक्षित स्थानों या घरों के अंदर ही रहें। नागरिकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि जब तक ‘ऑल-क्लियर’ (खतरा टलने) का आधिकारिक संदेश नहीं आ जाता, तब तक वे बाहर न निकलें और प्रशासन के निर्देशों का सख्ती से पालन करें।

ट्रंप के सीजफायर के बाद यह पहला बड़ा हमला

बीते 8 अप्रैल को लागू हुए सीजफायर के बाद यह खाड़ी क्षेत्र में पहला इतना बड़ा हमला है। गौरतलब है कि इस सीजफायर को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा बिना किसी निर्धारित समय-सीमा के आगे बढ़ाया गया था। लेकिन, शांति वार्ता के विफल होने के बाद अब फिर से भीषण हमले शुरू हो गए हैं।

खाड़ी में गहराया युद्ध का खतरा

होर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिका द्वारा समुद्री यातायात पर लगाई गई नौसैनिक नाकेबंदी और ईरान-अमेरिका के बीच चल रहे सीधे टकराव के कारण पूरे खाड़ी क्षेत्र में पूर्ण युद्ध का खतरा गहरा गया है। यूएई के अधिकारियों का कहना है कि उनकी सेना पूरी तरह से मुस्तैद है और एयर डिफेंस सिस्टम किसी भी अगले खतरे से निपटने के लिए हाई-अलर्ट पर काम कर रहे हैं।ध्यान रहे कि अमेरिका के वार सेक्रेटरी पीट हेगसेथ पहले ही प्रोजेक्ट फ्रीडम लॉन्च कर चुके हैं। उन्होंने ईरान को साफ तौर पर संदेश दिया है कि अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में किसी तरह की गुंडागर्दी या दादागिरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उनका संदेश है कि ईरान ने अमेरिका को टारगेट किया तो करारा जवाब दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *