सीकर। श्री कल्याण धाम में चल रहे चार दिवसीय श्री कल्याण महोत्सव (पाटोत्सव) के तहत ‘सनातन समरस महाजागरण’ के साथ आयोजन का भव्य शुभारंभ हुआ। यह आयोजन वाल्मीकि एवं मेघवाल समाज की गूगा मेडियों द्वारा किया गया, जिसमें सामाजिक समरसता की सुंदर झलक देखने को मिली। महाजागरण के साथ ही धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला शुरू हो गई। महंत विष्णु प्रसाद शर्मा एवं संत-महात्माओं के सानिध्य में सवा लाख तुलसीपत्र भगवान कल्याण धणी को अर्पित किए गए। सायं राधा दामोदर मंदिर से भव्य निशान पदयात्रा निकाली गई, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई श्री कल्याण धाम पहुंची। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया तथा भक्तों ने श्रद्धापूर्वक निशान अर्पित किए।







