राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग पर ड्रेसिंग रूम में स्मोकिंग करने आए नजर, वायरल हुआ वीडियो

राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग पर ड्रेसिंग रूम में स्मोकिंग करने आए नजर, वायरल हुआ वीडियो

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) का 40वां मुकाबला मंगलवार रात को राजस्थान रॉयल्स (RR) और पंजाब किंग्‍स के बीच न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। इस मैच के बाद आरआर के 24 वर्षीय कप्तान रियान पराग सुर्खियों में हैं। उन्हें ड्रेसिंग रूम में ई-सिगरेट का इस्तेमाल (स्‍मोकिंग) करते हुए देखा गया है। ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कई फैंस ने उन पर कार्रवाई की मांग की है।

कस लगाते और धुंआ छोड़ते नजर आए रियान पराग

दरअसल, ये घटना राजस्‍थान रॉयल्‍स की बल्‍लेबाजी पारी के दौरान 16वें ओवर की है, जब एक ब्रॉडकास्ट कैमरे ने कुछ पलों के लिए पराग को ऐसी चीज के साथ कैद किया, जो ई-सिगरेट जैसी नजर आ रही थी। इसमें उन्‍हें कस लगाते और धुंआ छोड़ते देखा जा सकता है। यह फुटेज तेजी से वायरल हो रही है। कई फैंस ने इस पर चिंता जताते हुए कार्रवाई की मांग की। इस पल ने और भी अधिक ध्यान आकर्षित किया, क्योंकि यह ठीक तब हुआ, जब पराग आउट हुए थे, उन्होंने 16 गेंदों में 29 रन बनाए थे, लेकिन लक्ष्य का पीछा करते समय एक महत्वपूर्ण क्षण में वे अपनी पारी को आगे बढ़ाने में असफल रहे।

पराग पर कार्रवाई का खतरा

इस वीडियो के वायरल होते ही संभावित अनुशासनात्मक उपायों के बारे में सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, आईपीएल में ई-सिगरेट के इस्तेमाल के खिलाफ कोई स्पष्ट सार्वजनिक नियम नहीं है, लेकिन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के पास स्टेडियमों के भीतर खिलाड़ियों के व्यवहार के लिए सख्त दिशा निर्देश हैं। स्वास्थ्य और सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत ड्रेसिंग रूम या डगआउट में तंबाकू या संबंधित उत्पादों का उपयोग आमतौर पर प्रतिबंधित है, जिससे रियान पराग पर कार्रवाई का खतरा मंडरा रहा है।

7 पारियों में केवल 81 रन बनाए

यह विवाद ऐसे समय में सामने आया है, जब युवा खिलाड़ी पहले से ही चुनौतियों का सामना कर रहा है। संजू सैमसन के चेन्नई सुपर किंग्स में चले जाने के बाद वह 2026 सीजन में राजस्थान रॉयल्स का नेतृत्व कर रहे हैं। पराग अपनी बल्लेबाजी में निरंतरता बनाए रखने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। इस मैच से पहले 7 पारियों में उन्होंने केवल 81 रन बनाए थे, जिसकी वजह से उन्हें फैंस और पूर्व खिलाड़ियों की आलोचना का सामना करना पड़ा।

रोमी भिंडर पर हो चुकी है कार्रवाई

बता दें कि इससे पहले राजस्थान रॉयल्स के टीम मैनेजर रोमी भिंडर पर 10 अप्रैल को गुवाहाटी के एसीए स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ आईपीएल 2026 के मुकाबले के दौरान डगआउट के अंदर मोबाइल फोन का उपयोग करने के लिए 1 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया था और उन्हें एक आधिकारिक चेतावनी भी दी गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *