सूरत जा रही 50 से ज्यादा यात्रियों से भरी बस में लगी आग, मची चीख-पुकार

सूरत जा रही 50 से ज्यादा यात्रियों से भरी बस में लगी आग, मची चीख-पुकार

MP News: मध्यप्रदेश के देवास में एक यात्री बस में आग लगने से हड़कंप मच गया। जिस वक्त बस में आग लगी उसमें 50 से ज्यादा यात्री सवार थे, राहत की बात ये है कि वक्त रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बस से बाहर उतार लिया गया जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। आग में बस पूरी तरह से जलकर खाक हो गई है। बस में सवार यात्रियों के मुताबिक बस में बहुत देर से डीजल की तेज बदबू आ रही थी, जिसके बारे में उन्होंने बस के ड्राइवर को भी बताया था।

सूरत जा रही बस जलकर खाक

देवास में भोपाल रोड पर भौंरासा टोल प्लाजा के समीप मंगलवार शाम सूरत जा रही एक बस में अज्ञात कारणों से आग लग गई। बस में 50 से ज्यादा यात्री सवार थे जिन्हें युवाओं व अन्य ग्रामीणों ने उतार लिया। बताया जा रहा है कि बस के पिछले हिस्से में आग लगी थी। पीछे से आ रहे बाइक सवार ने इसकी सूचना ड्राइवर को दी। इसके बाद ड्राइवर ने तत्काल बस रोकी व यात्रियों को उतरने को कहा। उधर आग देखकर आसपास के ग्रामीण व युवा तत्काल मौके पर पहुंचे और यात्रियों को खींचकर बाहर निकाला।

कानपुर से सूरत जा रही थी बस

यात्रियों के अनुसार बस में काफी देर से डीजल की बदबू आ रही थी। सवारियों ने इस संबंध में ड्राइवर को भी जानकारी दी थी। उधर यात्रियों के उतरते ही बस पूरी तरह से जल गई। सूचना पर सोनकच्छ, टोंकखुर्द की दमकल मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। आग की चपेट में कई यात्रियों का सामान जल गया। भौंरासा पुलिस, एसडीओपी, टोल प्रबंधन की टीम भी मौके पर पहुंची। जांच में यह सामने आया है कि बस में आपातकालीन खिड़की नहीं थी और वहां सीट लगी हुई थी। बस से निकलने के लिए और कोई गेट नहीं था। बस कानपुर से आ रही थी।

katni

कटनी में ब्यूटी पार्लर में लगी आग

इधर कटनी शहर के शास्त्री कॉलोनी ओवरब्रिज के पास मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब अभिषेक केमिस्ट के ऊपर संचालित एक ब्यूटी पार्लर में अचानक आग लग गई। सुबह करीब 9 बजे हुई इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पार्लर के अंदर अचानक धुआं उठता दिखाई दिया और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप लेना शुरू कर दिया। आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बना रहा। बाद में मौके पर पहुंची 3 फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *