पश्चिम बंगाल (Bengal Elections) के बोंगांव में आयोजित विजय संकल्प सभा में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने तृणमूल कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा कि टीएमसी (TMC) की निर्ममता ने बंगाल की पहचान (मां, माटी और मानुष) को गहरा नुकसान पहुंचाया है।
‘बंगाल में बेटियां लापता हो रही है’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी की सरकार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बंगाल में बेटियां लापता हो रही हैं और राज्य सरकार आंखें मूंदे बैठी है। संदेशखाली का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा कि वहां बहनों के साथ जो अन्याय हुआ, उसमें सरकार ने पीड़ितों का नहीं बल्कि गुंडों का साथ दिया।
नेताजी का नाम लेकर वोट की अपील
मोदी ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस को याद किया और उनके मशहूर नारे का हवाला देते हुए कहा, “नेताजी ने कहा था, तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा। आज बंगाल को सिर्फ आपका एक वोट चाहिए। वोट दीजिए और TMC से आजादी पाइए।” इस बात पर सभा में जोरदार तालियां बजीं।
मां-माटी-मानुष का नारा कहां गया?
पीएम ने TMC के पुराने नारे की याद दिलाई और कहा कि 15 साल पहले जो पार्टी मां-माटी-मानुष का नाम लेकर सत्ता में आई थी, आज उसके नेताओं के मुंह से ये शब्द तक नहीं निकलते। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर वे ये नाम लेंगे तो उनके पाप सामने आ जाएंगे। मोदी ने कहा कि TMC ने मां को रुलाया, माटी को सिंडिकेट के हवाले किया और मानुष को पलायन के लिए मजबूर कर दिया।
महिलाओं के लिए बड़े एलान
इस सभा में पीएम मोदी ने महिलाओं को लेकर कई अहम वादे किए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर हर महिला को 5 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज मिलेगा। ब्रेस्ट कैंसर और सर्वाइकल कैंसर की जांच और टीके भी मुफ्त होंगे। गर्भावस्था में 21,000 रुपए की मदद दी जाएगी और बेटी की ग्रेजुएशन पर 50,000 रुपए सीधे खाते में आएंगे। इसके अलावा हर साल 36,000 रुपए महिलाओं के खातों में भेजे जाएंगे और सरकारी नौकरियों में बेटियों को 33 फीसदी आरक्षण दिया जाएगा।
किसान और गरीब भी निशाने पर
जूट किसानों की बात करते हुए पीएम ने कहा कि केंद्र ने जूट का समर्थन मूल्य दोगुना किया है लेकिन TMC का सिंडिकेट मिलों को ठीक से चलने नहीं देता। गरीबों के लिए मुफ्त राशन का जिक्र करते हुए कहा कि इससे हर परिवार को सालाना 10,000 रुपए तक की बचत होती है। बिना पक्के घर वाली महिलाओं को डेढ़ लाख रुपए और घर की छत पर सोलर पैनल के लिए 80,000 रुपए की मदद का भी वादा किया गया।
दूसरे चरण में बड़ी जीत का दावा
पीएम मोदी ने कहा कि पहले चरण में जनता ने TMC का अहंकार तोड़ दिया है और दूसरे चरण में भाजपा की बड़ी जीत तय है। उन्होंने कहा कि 4 मई के बाद भाजपा की सरकार बनने पर दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।


