Azamgarh News: बीटीसी छात्रा का थाने में हाई वोल्टेज ड्रामा,महिला सिपाहियों के खींचे बाल, सीओ पर भी किया हमला

Azamgarh News: बीटीसी छात्रा का थाने में हाई वोल्टेज ड्रामा,महिला सिपाहियों के खींचे बाल, सीओ पर भी किया हमला

आजमगढ़ जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में एक बीटीसी छात्रा पर पुलिस कार्यालय में हंगामा, मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगा है। इस मामले में संबंधित थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर कार्यालय में तैनात मुंशी शशिकांत यादव ने थानाध्यक्ष कप्तानगंज को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। आरोप है कि अतरौलिया थाना क्षेत्र के पोखरपुर (मु. जयरामपुर) निवासी निशा, जो बीटीसी की छात्रा है, पिछले करीब छह महीनों से एक मामले में मुकदमा दर्ज कराने को लेकर लगातार दबाव बना रही थी और समय-समय पर शिकायतें देती रहती थी।

बताया गया कि 18 अप्रैल 2026 को वह क्षेत्राधिकारी कार्यालय पहुंची, जहां उस समय अधिकारी राजकीय कार्य में व्यस्त थे। आरोप है कि इसी दौरान उसने वहां मौजूद महिला पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया और उनके साथ मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं।

आरोप यह भी है कि बाद में वह अधिकारी कक्ष की ओर बढ़ी और गाली-गलौज करते हुए उन पर हमला करने की कोशिश की, जिसे मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने रोक लिया। इस दौरान कार्यालय में रखे कुछ दस्तावेजों और फर्नीचर को भी नुकसान पहुंचने की बात कही गई है।
प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी द्वारा पुलिसकर्मियों को धमकी देने की घटनाएं भी सामने आई हैं।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *