गोपालगंज जिले में शुक्रवार को ज्वेलरी शॉप लूटने आए बदमाशों में से एक को गुस्साई भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला, जबकि तीन अन्य आरोपियों को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। यह घटना भोरे थाना क्षेत्र के लाला छापर बाजार की है। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। पुलिस के अनुसार, बदमाशों की फायरिंग में एक युवक की भी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे भोरे थाना क्षेत्र के लाला छापर बाजार स्थित दीपक ज्वेलर्स एंड बर्तन भंडार में हथियारबंद अपराधी लूट की नीयत से घुस गए। दुकानदार के विरोध करने पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी, जिसमें पवन वर्मा नामक युवक घायल हो गया। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने अपराधियों का पीछा किया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने फिर से फायरिंग की, जिसमें एक युवक की मौत हो गई।
एक बदमाश की पीट-पीटकर हत्या
अपराधियों का पीछा कर रहे स्थानीय लोग और आक्रोशित हो गए और भाग रहे चारों बदमाशों को पकड़ लिया। इसके बाद उनकी जमकर पिटाई की गई, जिसमें एक आरोपी की मौके पर ही मौत हो गई। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह भीड़ के बीच से तीन आरोपियों को छुड़ाकर एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद गुस्साई भीड़ ने अपराधियों की बाइक में आग लगा दी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दो बाइकों पर सवार छह अपराधी ज्वेलरी शॉप लूटने पहुंचे थे। वे हथियार के बल पर लूटपाट का प्रयास कर रहे थे, लेकिन दुकानदार के विरोध करने पर उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। लोगों का कहना है कि चंवर के रास्ते मठिया की ओर भागते समय एक बदमाश ने फिर गोली चलाई, जिसमें सिसई टोला, मठिया निवासी पंचा मिश्र के 32 वर्षीय पुत्र डबल मिश्र की मौके पर ही मौत हो गई।


