शिवपुरी जिले की भौंती थाना पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने फर्जी महिला अकाउंट बनाकर लोगों को ब्लैकमेल किया और ठगी के पैसों से एक बोलेरो गाड़ी खरीदी थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिलाओं के नाम से फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाता था। वह अश्लील चैट और तस्वीरें भेजकर स्क्रीन रिकॉर्डिंग करता था। बाद में इन्हीं रिकॉर्डिंग का इस्तेमाल कर खुद को पुलिस अधिकारी बताकर पीड़ितों को दुष्कर्म या चाइल्ड पोर्नोग्राफी जैसे झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देता था। डर का माहौल बनाकर, आरोपी “केस सेटलमेंट” के नाम पर पीड़ितों से मोटी रकम वसूलता था। इसी ठगी के पैसे से उसने एक महिंद्रा बोलेरो गाड़ी खरीदी थी। ‘ऑपरेशन मैट्रिक्स’ में की गई कार्रवाई साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन मैट्रिक्स’ अभियान के तहत भौंती थाना पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस ने फरार आरोपी पुष्पेंद्र लोधी (25) निवासी ग्राम तिंधारी को मनपुरा तिराहा से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से ठगी की रकम से खरीदी गई महिंद्रा बोलेरो (कीमत करीब 11 लाख रुपए) और एक वीवो मोबाइल फोन जब्त किया गया है। कुल जब्त मशरुका की कीमत 11.10 लाख रुपए बताई गई है। आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसे पिछोर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक घनश्याम भदौरिया सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


