क्रिकेट-हॉकी के बाद अब पाकिस्तान की फुटबॉल टीम भी नहीं आएगी भारत, सैफ चैंपियनशिप से नाम लिया वापस

क्रिकेट-हॉकी के बाद अब पाकिस्तान की फुटबॉल टीम भी नहीं आएगी भारत, सैफ चैंपियनशिप से नाम लिया वापस

Pakistan Withdrawal from SAFF Women’s Championship 2026: भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते राजनीतिक तनाव के कारण पाकिस्तान ने सैफ वूमेंस चैंपियनशिप 2026 से अपना नाम वापस ले लिया है। गुरुवार को पाकिस्तान फुटबॉल फेडरेशन (Pakistan Football Federation) ने इसकी जानकारी दी। सैफ वूमेंस चैंपियनशिप (SAFF Women’s Championship 2026) का आयोजन 25 मई से 6 जून तक गोवा के पंडित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होना है। पाकिस्तान के हटने के बाद अब यह प्रतियोगिता छह टीमों के साथ ही खेली जाएगी।

अब 6 टीमों के साथ खेला जाएगा टूर्नामेंट

टूर्नामेंट के लिए ड्रॉ पहले ही हो चुका है, जिसमें बाकी टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है। इन टीमों में भारत (मेजबान), नेपाल, श्रीलंका, बांग्लादेश (डिफेंडिंग चैंपियन), भूटान और मालदीव शामिल हैं। यह दूसरी बार है जब भारत इस टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहा है। इससे पहले साल 2016 में सिलीगुड़ी में सैफ टूर्नामेंट का आयोजन हुआ था, जहां भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना चौथा खिताब जीता था। वहीं, गोवा में दूसरी बार यह टूर्नामेंट खेला जाएगा। इससे पहले साल 1999 में यहां पुरुषों की चैंपियनशिप आयोजित हुई थी।

पाकिस्तान के इस फैसले से उसकी महिला फुटबॉल टीम को बड़ा नुकसान हो सकता है। लंबे समय से प्रशासनिक समस्याओं और कम अंतरराष्ट्रीय मैचों के कारण टीम को ऐसे टूर्नामेंट की जरूरत थी, जहां वह अपने खिलाड़ियों को मौका दे सके। हालांकि, पाकिस्तान फुटबॉल फेडरेशन के फैसले के बाद टीम की खिलाड़ी अब इस बड़े मंच पर अपनी काबिलियत नहीं दिखा पाएंगी।

5 बार चैंपियन बन चुकी है टीम इंडिया

यह पहली बार नहीं है जब पाकिस्तान ने किसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता से नाम वापस लिया हो। इससे पहले भी पाकिस्तान ने नवंबर में भारत के तमिलनाडु में हुए पुरुषों के जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप से भी अपना नाम वापस ले लिया था, और राजगीर में हुए एशिया कप में भी अपनी सीनियर पुरुष टीम नहीं भेजी थी। अगर रिकॉर्ड की बात करें तो भारत इस टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम है। भारत ने 2010, 2012, 2014, 2016 और 2019 में खिताब अपने नाम किए हैं। वहीं, बांग्लादेश ने पिछले दो संस्करण (2022 और 2024) में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी जीती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *