राजस्थान में फिर करवट लेगा मौसम, 25-26-27-28 और 29 अप्रेल को बारिश, IMD का बड़ा अलर्ट

राजस्थान में फिर करवट लेगा मौसम, 25-26-27-28 और 29 अप्रेल को बारिश, IMD का बड़ा अलर्ट

जयपुर। राजस्थान में जारी तेज गर्मी के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 25 अप्रैल से राज्य में मौसम बदलने लगेगा और 26 से 29 अप्रैल के बीच कई हिस्सों में बारिश, मेघगर्जन और आंधी की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक, एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 25 अप्रैल को पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों में हल्की बारिश की शुरुआत हो सकती है। इसके बाद 26, 27 और 28 अप्रैल को पश्चिमी और उत्तरी राजस्थान में दोपहर बाद मेघगर्जन के साथ धूलभरी आंधी और हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है।

यह वीडियो भी देखें :

पूर्वी राजस्थान में भी बारिश का अलर्ट

इसके अलावा जयपुर, भरतपुर, अजमेर और कोटा संभाग के साथ-साथ बीकानेर और जोधपुर संभाग में भी इन दिनों बारिश की गतिविधियां दर्ज हो सकती हैं। वहीं 29 अप्रैल को पूर्वी राजस्थान के जयपुर और भरतपुर संभाग में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है, जबकि पश्चिमी हिस्सों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रह सकता है।

मौसम विभाग की अपील

मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि खुले में रखी फसल और अनाज को सुरक्षित स्थान पर रखें, ताकि बारिश और आंधी से नुकसान से बचा जा सके। साथ ही मेघगर्जन और तेज हवाओं के दौरान सतर्क रहने की भी अपील की गई है।

हीटवेव का भी रहेगा असर

हालांकि, बारिश की इस गतिविधि से पहले और इसके बीच राज्य में हीटवेव का असर भी बना रहेगा। पिछले 24 घंटों में श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक है। अधिकांश जिलों में तापमान 40 से 43 डिग्री के बीच बना हुआ है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।

कुछ क्षेत्रों में बढ़ेगा पारा

मौसम विभाग के अनुसार आगामी 3 से 4 दिनों में तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी हो सकती है। इस दौरान पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में हीटवेव चलने की संभावना है, जबकि उत्तर-पश्चिमी भागों में तापमान 44 से 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। ऐसे में लोगों को गर्मी और लू से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *