Kanpur News: हाईवे पर दो डंपरों की टक्कर, क्लीनर की दबकर मौत

Kanpur News: हाईवे पर दो डंपरों की टक्कर, क्लीनर की दबकर मौत

कानपुर के बिधनू थाना क्षेत्र में देर शाम हड़हा गांव के पास हाईवे पर मौरंग लदे दो डंपरों की आमने-सामने टक्कर में एक क्लीनर की दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक डंपर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और क्लीनर उसमें फंस गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद केबिन को काटकर शव बाहर निकाला। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, बर्रा निवासी क्लीनर जगभान सिंह (55) चालक के साथ हमीरपुर से डंपर में मौरंग लादकर लखनऊ की ओर जा रहे थे। देर रात हड़हा गांव के पास उनका डंपर अचानक अनियंत्रित हो गया और आगे चल रहे दूसरे डंपर से जा भिड़ा। टक्कर इतनी भीषण थी कि डंपर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। क्लीनर साइड की खिड़की पूरी तरह दब गई, जिससे जगभान सिंह केबिन में ही फंस गए। वही हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जबकि राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी देर तक रेस्क्यू अभियान चलाया। केबिन को गैस कटर की सहायता से काटकर क्लीनर को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

मृतक की पहचान उसकी पैंट की जेब में मिले आधार कार्ड के आधार पर हुई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और घर में मातम छा गया। परिजन रो-रोकर बेसुध हो गए। वही पुलिस ने बताया कि आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच जारी है, ताकि दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।

कार्यवाहक बिधनू थाना प्रभारी सतेंद्र पाल सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *