देवरिया में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यातायात पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 118 वाहनों का ई-चालान किया गया, जबकि दो वाहनों को सीज किया गया।
यातायात प्रभारी गुलाब सिंह के नेतृत्व में शहर के प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर विशेष अभियान चलाया गया। बस स्टैंड, गोरखपुर ओवरब्रिज, मालवीय रोड और कसया ओवरब्रिज समेत कई स्थानों पर वाहनों की गहन जांच की गई। इसके अलावा इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पुरवा और आसपास के क्षेत्रों में भी चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सड़क किनारे वाहन खड़ा कर सवारी भरने वाले बस, ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। बिना ड्राइविंग लाइसेंस, फिटनेस प्रमाणपत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेजों के वाहन चलाने वालों पर जुर्माना लगाया गया। विशेष रूप से बिना हेलमेट बाइक चलाने और तीन सवारी बैठाने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। कुल 118 वाहनों के ई-चालान किए गए, जबकि गंभीर उल्लंघन करने पर दो वाहनों को सीज कर दिया गया। यातायात पुलिस के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि लोगों को सड़क सुरक्षा और नियमों के प्रति जागरूक करना भी है। थाना गौरीबाजार क्षेत्र के दुर्घटना संभावित स्थानों पर चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं, ताकि वाहन चालक सतर्क रहें। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें और आवश्यक दस्तावेज हमेशा साथ रखें।


