तोपखाना टचिंग ग्राउंड में कूड़े से उठ रहा धुआं:रामपुर में 20 दिनों से परेशानी, सांस के मरीजों की बढ़ी दिक्कतें

तोपखाना टचिंग ग्राउंड में कूड़े से उठ रहा धुआं:रामपुर में 20 दिनों से परेशानी, सांस के मरीजों की बढ़ी दिक्कतें

रामपुर के तोपखाना स्थित टचिंग ग्राउंड में पिछले कई दिनों से सुलग रहे कूड़े से उठने वाला धुआं स्थानीय निवासियों के लिए बड़ी समस्या बन गया है। इस धुएं के कारण आसपास के मोहल्लों में लोगों का जीना दूभर हो गया है, खासकर सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, गर्मी शुरू होते ही ऐसी घटनाएं आम हो जाती हैं। पंचिंग ग्राउंड पर प्रतिदिन हजारों टन कूड़ा डाला जाता है, जिसमें अक्सर आग सुलगती रहती है। हवा का रुख जिस दिशा में होता है, उस ओर के निवासी धुएं से सबसे ज्यादा प्रभावित होते हैं। मोहल्ले के निवासी अकील अहमद ने बताया कि धुएं से पूरा इलाका परेशान है और सांस के मरीजों की हालत बिगड़ रही है। अनस शकील ने कहा कि पिछले 15 से 20 दिनों से लगातार कूड़े में आग सुलग रही है, जिससे स्थिति और खराब हो गई है।
परवीन जहां ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा, ‘यहां कोई देखने वाला नहीं है, लोग किस हाल में रह रहे हैं, किसी को परवाह नहीं।’ शफीक अंसारी ने भी धुएं से हो रही परेशानी पर चिंता जताई। हैरानी की बात यह है कि इतनी गंभीर समस्या के बावजूद स्थानीय लोग फायर ब्रिगेड को सूचना नहीं देते। अग्निशमन विभाग (एफएसओ) का कहना है कि यदि कोई शिकायत मिलती है तो तत्काल कार्रवाई की जाती है और मौके पर टीम भेजी जाती है। उधर, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी ने बताया कि उन्हें अब इस मामले की जानकारी मिली है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही टीम भेजकर स्थिति का जायजा लिया जाएगा और समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल, धुएं के बीच जीवन जीने को मजबूर इलाके के लोग प्रशासन से जल्द राहत की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *