फतेहाबाद जिले के रतिया शहर में 21 अप्रैल से 5 मई तक पानी की आपूर्ति दिन में केवल एक बार की जाएगी। बता दे कि जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने यह जानकारी दी है। दरअसल लाली रोड स्थित 6.5 एमएलडी क्षमता के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) में चल रहे मरम्मत कार्य के कारण यह अस्थायी बदलाव किया गया है। विभाग के उपमंडल अभियंता अंचल जैन ने बताया कि एसटीपी में मरम्मत कार्य जारी है। अधिक पानी की आवक के कारण कार्य में लगातार बाधा आ रही है, जिससे मरम्मत प्रभावित हो रहा है। इसी के चलते जल आपूर्ति व्यवस्था में यह बदलाव किया गया है। सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट में मरम्मत कार्य के कारण फैसला विभाग ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस अवधि के दौरान पर्याप्त मात्रा में पानी का भंडारण करें और उपलब्ध पानी का उपयोग आवश्यकतानुसार ही करें। अंचल जैन ने आगे बताया कि विभाग की टीमें मरम्मत कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने में जुटी हुई हैं, ताकि जल आपूर्ति व्यवस्था को सामान्य किया जा सके। विभाग का लक्ष्य आमजन को होने वाली असुविधा को कम से कम रखना और जल्द ही स्थिति में सुधार लाना है।


