अलवर में आज ‘ब्लैक आउट’ व मॉक ड्रिल, हवाई हमलों से बचाव का होगा अभ्यास

अलवर में आज ‘ब्लैक आउट’ व मॉक ड्रिल, हवाई हमलों से बचाव का होगा अभ्यास

जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला के निर्देश पर नागरिक सुरक्षा तैयारियों के तहत आज शाम 7:45 बजे ब्लैकआउट अभ्यास आयोजित किया जाएगा। यह अभ्यास बाबू शोभाराम राजकीय कला महाविद्यालय और आसपास के सीमित क्षेत्रों—कर्मचारी कॉलोनी, अशोक विहार व रेलवे पुलिया के निकट—में होगा। प्रशासन ने संबंधित क्षेत्र के नागरिकों से अपील की है कि ब्लैकआउट के दौरान घरों व बाहर की सभी लाइटें बंद रखें तथा सड़कों पर वाहन रोककर उनकी लाइट भी बंद करें। यह अभ्यास आपात स्थिति में हवाई/ड्रोन हमलों से बचाव की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

ब्लैक आउट के दौरान क्या करना होगा?

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा अभ्यास के दौरान सायरन या हूटर बजते ही नागरिकों को अलर्ट पर रहना होगा। मुख्य दिशा-निर्देश निम्नलिखित हैं:

लाइट बंद करें: सायरन बजते ही अपने घरों, दुकानों और कार्यालयों की सभी लाइटें बंद कर दें। खिड़कियों से रोशनी बाहर न निकले, इसके लिए काला कागज या पर्दे का उपयोग करें।
वाहनों का संचालन: सड़क पर चलने वाले वाहन रुक जाएं और अपनी लाइटें बंद कर दें।
घबराएं नहीं: सायरन बजने पर भगदड़ न मचाएं। धूम्रपान, माचिस, मोबाइल की टॉर्च या फ्लैश लाइट का उपयोग पूरी तरह वर्जित है।
सुरक्षित रहें: एयर रेड सायरन बजते ही सुरक्षित स्थानों पर शरण लें। कांच की खिड़कियों से दूर रहें और जरूरत पड़ने पर जमीन पर लेट जाएं।
सरकारी निर्देशों का पालन: अफवाहों से बचें और केवल सरकारी अलर्ट या रेडियो/मोबाइल पर दी गई सूचनाओं पर ध्यान दें।
सायरन से पहचानें खतरा
प्रशासन के अनुसार, ड्रोन से हवाई हमले का संकेत 2 मिनट तक ‘ऊंची-नीची’ आवाज में सायरन बजाकर दिया जाएगा। जब खतरा टल जाएगा, तो इसकी सूचना 2 मिनट तक ‘एक ही आवाज’ में सायरन बजाकर दी जाएगी।

नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे आपात स्थिति के लिए अपने पास तीन दिन का पेयजल और सूखा भोजन (बिस्किट, ड्राई फ्रूट्स आदि) तैयार रखें। साथ ही, प्राथमिक चिकित्सा किट और जरूरी दस्तावेज भी सुरक्षित रखें। किसी भी संदिग्ध वस्तु या बम दिखने पर उसे न छुएं और तत्काल पुलिस को सूचित करें। किसी भी समस्या के लिए नागरिक सुरक्षा नियंत्रण कक्ष के नंबर 0144-2338000 या 8290026219 पर संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *