बीकानेर। बीकानेर जिले के नोखा क्षेत्र में हुए बहुचर्चित मनीष जांगु हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि यह हत्या किसी बाहरी दुश्मनी नहीं, बल्कि प्रेम-प्रसंग में बाधा बने पति को रास्ते से हटाने की साजिश थी, जिसे उसकी ही पत्नी ने अपने नाबालिग प्रेमी के साथ मिलकर अंजाम दिया ।
प्रेम संबंध बना हत्या की वजह
पुलिस के मुताबिक, धुंधवालों की ढाणी (अलाय, नागौर) निवासी मृतक मनीष जांगु की शादी कुछ साल पहले निकिता से हुई थी। शादी के बाद कुछ समय तक सब सामान्य रहा, लेकिन बाद में निकिता अपने पति से ऊब गई। इसी दौरान उसकी पहचान एक नाबालिग से हुई, जो धीरे-धीरे नजदीकियों में बदल गई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। मनीष अपनी पत्नी निकिता और उसके नाबालिग प्रेमी के रिश्ते में बाधा बन रहा था।
इसी वजह से दोनों ने मिलकर कई महीनों पहले हत्या की योजना बनाई। 17 अप्रेल को नाबालिग ने मनीष को बहाने से बुलाया। जीप में घुमाते समय उसे गन्ने के रस में सल्फास मिलाकर पिलाया गया, जिससे वह अचेत हो गया। इसके बाद साउंड सिस्टम के तार से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई।
शव ठिकाने लगाने की कोशिश
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को रोही बंधड़ा के एक सुनसान तालाब में झाड़ियों में फेंक दिया । पुलिस को गुमराह करने के लिए मृतक का मोबाइल करीब दो किलोमीटर दूर फेंक दिया, ताकि लोकेशन भटकाई जा सके ।
सीसीटीवी फुटेज बना अहम सुराग
केड़ली गांव के पास स्कूल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में संदिग्ध बोलेरो दिखाई दी। फुटेज में गाड़ी के पीछे हलचल ने पुलिस को शक की दिशा दी, जिससे पूरे मामले का खुलासा हुआ । कॉल डिटेल, चैटिंग और अन्य तकनीकी साक्ष्यों ने जांच को पुख्ता आधार दिया। पुलिस ने नाबालिग प्रेमी को निरुद्ध किया, जबकि पत्नी निकिता को गिरफ्तार कर लिया है ।
चार टीमों ने खोला राज
एएसपी ग्रामीण बी.एल. मीणा के नेतृत्व में गठित चार टीमों ने मामले की गहन जांच की। सीओ जरनैल सिंह और सीआई अरविंद भारद्वाज सहित टीम ने वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इस हत्याकांड का पर्दाफाश किया ।


