अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर खत्म (Ceasefire Ends) होने से पहले डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने बड़ी धमकी दी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (US President Donald Trump) ने कहा- अगर ईरान से जारी युद्ध विराम बिना किसी समझौते के खत्म हो जाता है तो बहुत सारे बम फटने लगेंगे। डोनाल्ड ट्रंप के इस बयान से बवाल मच गया है। बता दें कि अमेरिका ईरान के बीच दो हफ्ते के लिए लागू युद्ध विराम मंगलवार रात (22 अप्रैल) तक खत्म हो जाएगा।
ट्रंप ने क्या कहा?
PBS न्यूज से मुताबिक, ट्रंप से पूछा गया कि अगर कल शाम को युद्ध विराम समाप्त हो जाता है तो क्या होगा? सवाल के जवाब में ट्रंप ने कहा- तब तो बहुत सारे बम फटने लगेंगे। डोनाल्ड ट्रंप से पूछा गया कि क्या वह इस्लामाबाद में होने वाली वार्ता में शामिल होगें? इस सवाल के जवाब में ट्रंप ने कहा- मुझे नहीं पता, मेरा मतलब है कि मुझे वहां होना चाहिए। ट्रंप ने आगे कहा कि हमने वहां मौजूद रहने पर सहमति जताई थी। हम देखेंगे कि वे वहां होते हैं या नहीं। अगर वे वहां नहीं होते हैं तो भी कोई बात नहीं।
अमेरिका अपनी मांग पर अडिग
अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान में ईरान से दूसरे दौर की वार्ता की तैयारी कर रहा है। इसी बीच डोनाल्ड ट्रंप के बयान से हलचल बढ़ गई है। जब डोनाल्ड ट्रंप से पूछा गया कि क्या अमेरिका, ईरान के लिए कुछ पॉलिसी बदलेगा? जवाब में डोनाल्ड ट्रंप ने स्पष्ट किया कि अमेरिका अपनी मूल मांगों पर अडिग है। अमेरिका की मांगे अपरिवर्तित है। अमेरिका की बहुत सरल शर्त है कि परमाणु हथियार नहीं। मतलब ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं हो सकते।
ट्रंप ने अपनी टीम को बताया सर्वश्रेष्ठ
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान से वार्ता करने वाली अपनी टीम पर भरोसा जताया है और सर्वश्रेष्ठ बताया है। ट्रंप ने कहा- व्यापार हो या न हो, हर कोई जानता है कि यह सही बात है। जेरेड कुशनर एक बहुत अच्छे वार्ताकार हैं। जेरेड कुशनर का पूरा ध्यान ईरान को परमाणु क्षमता हासिल करने से रोकने पर केंद्रित है।
क्या जेडी वेंस जाएंगे पाकिस्तान?
डोनाल्ड ट्रंप ने आज पुष्टि की है कि पाकिस्तान में ईरान से होने वाली दूसरे दौर की वार्ता में अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस (US Vice President JD Vance) शामिल होंगे। जेडी वेंस के अलावा विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और सलाहकार जेरेड कुशनर सहित एक उच्च स्तरीय अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल वार्ता के अगले दौर के लिए इस्लामाबाद के लिए रवाना हो चुका है। इसके पहले कूटनीतिक अस्थिरता को और बढ़ाते हुए ट्रंप ने कहा था कि जेडी वेंस पाकिस्तान नहीं जाएंगे। हालांकि, आज उन्होंने जेडी वेंस के पाकिस्तान जाने की पुष्टी की है।
ईरान ने वार्ता के अगले दौर को खारिज किया
ईरान की सरकारी मीडिया ने अब तक अगले दौर की वार्ता के प्रति कोई उत्साह नहीं दिखाया है। ईरान की सरकारी ब्रॉडकास्टर IRIB के मुताबिक, ईरान-अमेरिका वार्ता ( Iran-US Talks) के अगले दौर में भाग लेने की फिलहाल कोई योजना नहीं है। IRIB ने दूसरे दौर की वार्ता में शामिल नहीं होने को लेकर वाशिंगटन की अत्यधिक मांगें, अवास्तविक अपेक्षाएं, रुख में लगातार बदलाव, बार-बार विरोधाभास और जारी नौसैनिक नाकाबंदी का हवाला दिया है।


