झुलसाती गर्मी और उमस से परेशान मुंबईकरों के लिए राहत भरी खबर है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) में सोमवार से प्री-मानसून बारिश का पहला दौर शुरू हो सकता है। ससे तापमान में गिरावट आने से पिछले कुछ दिनों से जारी भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।
कब और कहां होगी बारिश?
मौसम विभाग के मुताबिक, ठाणे जिले में सोमवार से हल्की बारिश की शुरुआत हो सकती है, जबकि मुंबई में मंगलवार से बादल छाने के साथ हल्की बारिश के आसार हैं। वहीं नवी मुंबई सहित रायगढ़ जिले के लिए बुधवार तक येलो अलर्ट जारी किया गया है।
कोंकण क्षेत्र के कई हिस्सों में इस हफ्ते बारिश की गतिविधि देखने को मिल सकती है, जिसमें हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं शामिल हैं। मुंबई में 21 और 22 अप्रैल को हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
क्यों हो रही है यह बारिश?
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) अब दक्षिण की ओर बढ़ रहे हैं। इसके चलते घाट क्षेत्रों में हवाओं का संगम बन रहा है, जो मध्य महाराष्ट्र में बारिश को बढ़ावा देगा।
विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार अनुकूल हवाओं के कारण घाटों में बनने वाली बारिश तटीय इलाकों तक भी पहुंचेगी, जिससे मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश देखने को मिलेगी।
कई जिलों में येलो अलर्ट
आईएमडी ने रायगढ़ और रत्नागिरी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है, जहां गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। रविवार को भी पालघर, नासिक, रत्नागिरी और सतारा समेत कई शहरों में हल्की बारिश दर्ज की गई।
पूर्वानुमान के अनुसार, विदर्भ में 20 और 21 अप्रैल को कुछ स्थानों पर गरज-चमक, बिजली गिरने और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 22 अप्रैल तक, जबकि कोंकण क्षेत्र में 20 और 21 अप्रैल को अलग-अलग जगहों पर गरज-चमक, बिजली और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। इसके अलावा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के कुछ जिलों में ओलावृष्टि भी हो सकती है।
मौसम लेगा करवट, लुढ़केगा पारा
महाराष्ट्र में अप्रैल के महीने में प्री-मानसून बारिश आम बात है, जबकि इसका असर मई में और बढ़ जाता है। आमतौर पर 11 जून को मुंबई में मानसून की एंट्री होती है।
हालांकि, इस साल मानसून सामान्य से थोड़ा कमजोर रहने का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, पूरे देश में इस बार औसतन 92 प्रतिशत बारिश होने की संभावना है। इस बीच, मुंबई में अगले दो-तीन दिनों के दौरान बदलता मौसम ना सिर्फ गर्मी से राहत देगा, बल्कि मानसून की आहट भी महसूस कराएगा।


