बाइक बेकाबू होकर झाड़ियों में गिरी, मजदूर की दबकर मौत:सकलडीहा में रात में ससुराल से लौटते वक्त हादसा, सुबह ग्रामीणों ने देखा शव

सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के पीथापुर गांव के पास रविवार रात करीब 9 बजे अनियंत्रित होकर बाइक सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरी। हादसे में युवक बाइक के नीचे दब गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सोमवार सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने झाड़ियों में शव पड़ा देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। पीआरबी 112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांवों के लोग भी मौके पर जुट गए। मृतक की पहचान चहनियां क्षेत्र के महराजगंज निवासी सुरेश राम के पुत्र नंदलाल (33) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार नंदलाल अपनी पत्नी पूजा और तीन बेटियों के साथ फुल्ली गांव स्थित ससुराल में बिरहा कार्यक्रम देखने आया था। रात में वह पत्नी और बच्चों को ससुराल में छोड़कर तुलसी आश्रम बाजार सामान लेने जा रहा था। इसी दौरान पीथापुर पोखरे के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर गड्ढे में जा गिरी और वह झाड़ियों में जा गिरा। वहीं, सकलडीहा कोतवाल भूपेश निषाद ने बताया कि प्रथम दृष्टया बाइक अनियंत्रित होकर गिरने से हादसा हुआ है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *