हाथरस में जन आरोग्य मेलों में देखी व्यवस्थाएं:सीएमओ ने मरीजों से पूछा हाल-चाल, ग्रामीणों को किया जागरूक

हाथरस में जन आरोग्य मेलों में देखी व्यवस्थाएं:सीएमओ ने मरीजों से पूछा हाल-चाल, ग्रामीणों को किया जागरूक

हाथरस में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. राजीव रॉय ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) पर आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ जिला एपीडेमियोलॉजिस्ट डॉ. पवन कुमार भी मौजूद रहे। सीएमओ डॉ. रॉय ने सबसे पहले सासनी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कौमरी (खिटौली) का दौरा किया। यहां प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद माहौर, फार्मासिस्ट चंद्रशेखर, स्टाफ नर्स अभिलाषा सिंह और स्वीपर/चौकीदार रवि कुमार उपस्थित मिले। अस्पताल में पांच बेड और लेबर रूम में साफ-सफाई पाई गई। गर्मी के मौसम को देखते हुए कूलर और पंखे क्रियाशील पाए गए। आवश्यक दवा सूची (EDL) के अनुसार, 195 दवाओं में से 182 उपलब्ध थीं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने फार्मासिस्ट को मानक के अनुसार सभी दवाएं सुनिश्चित करने और उन्हें स्टॉक रजिस्टर में व्यवस्थित करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के समय तक जन आरोग्य मेले में 13 मरीजों को दवा देकर उपचारित किया जा चुका था। यहां ब्लड प्रेशर, शुगर, मलेरिया और डेंगू जैसे रोगों की जांच भी की जा रही थी।
इसके बाद सीएमओ ने सासनी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बसई काजी का निरीक्षण किया। यहां चिकित्सा अधिकारी डॉ. पावस कुशवाह, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सासनी के स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी चतुर सिंह, फार्मासिस्ट दिनेश चंद्र वर्मा, स्टाफ नर्स रामेश्वर, वार्ड बॉय लेतराम और स्वीपर/चौकीदार अभिषेक कुमार मौजूद थे। अस्पताल में छह साफ बेड शीट वाले बेड मिले। कूलर और पंखे क्रियाशील पाए गए, साथ ही शुद्ध पेयजल की व्यवस्था भी थी। यहां 195 दवाओं में से 165 उपलब्ध थीं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने फार्मासिस्ट को दवाओं का स्टॉक पूरा करने का निर्देश दिया। संचारी रोगों से बचाव के उपाय बताए डॉ. रॉय ने ग्राम बसई काजी में ग्रामीणों से भी बातचीत की। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में सफाईकर्मी प्रतिदिन आता है। स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी ने ग्रामीणों को संचारी रोगों से बचाव के उपाय बताए, जिसमें घरों के आसपास साफ-सफाई रखने, कूलर और फ्रिज की ट्रे को सप्ताह में एक बार साफ करने और पानी जमा न होने देने की सलाह शामिल थी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *