जिम्मेदारों की उदासीनता से मालवाहकों व मिनी ट्रकों में लोगों को बैठाकर ले जाने पर प्रतिबंध हवा-हवाई साबित हो रहा है। यही वजह है कि जिले की सड़कों पर आए दिन मालवाहकों से लोगों को बैठाकर ले जाने से हादसे हो रहे हैं। दरअसल कुछ माह पहले ही पुलिस व परिवहन विभाग ने बैठकर लेकर निर्देश दिए थे कि मालवाहकों पर सवारी नहीं ढोना है लेकिन इस आदेश का पालन नहीं किया जा रहा है। हालांकि यातायात विभाग मालवाहकों में सवारी ढोने वालों पर कार्रवाई कर रहा है। बीते लगभग एक माह के भीतर ही पिकअप पलटने के दो मामले में 3 लोगों की मौत व 29 लोग घायल हो चुके हैं। यातायात पुलिस अधीक्षक के मुताबिक लगातार चालानी व जागरूकता अभियान चलाने के बाद भी लोग जागरुक नहीं हो रहे हैं। तेज रफ्तार व शराब के नशे में वाहन चलाने से अधिकतर दुर्घटनाएं हो रही हैं।
बीते 107 दिन में 69 दुर्घटनाओं 70 लोगों की मौत
जिले में सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़े देखें तो बीते 107 दिनों में कुल 69 सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं, जिसमें 70 लोगों की मौत हो गई। सबसे ज्यादा मौत फरवरी माह में 27 लोगों की हुई हैं जबकि इस अप्रैल माह में मात्र चार दिन में ही 7 लोगों की मौत सड़क दुर्घटना में हुई है। लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाएं अब चिंता का कारण बनी हुई हैं।
यह भी पढ़ें :
अंडा से झलमला तक बनेगी 39 किमी फोरलेन सड़क
जानें, कब-कब पलटे मालवाहक
केस 1 : दो महिलाओं की हो गई मौत व 15 लोग घायल होगए घायल
बीते 23 मार्च को डौंडीलोहारा क्षेत्र में पिकअप पलटने की घटना लापरवाही व जरूरत से ज्यादा लोगों को बैठाने के कारण हुई। वाहन तेज गति में भी था। इस घटना में दो महिलाओं की मौत व 15 लोग घायल हो गए थे।
केस 2 : चौथिया जा रहा पिकअप वाहन पलट गया
17 अप्रैल को तालगांव के पास चौथिया जा रहा पिकअप वाहन पलट गया। पिकअप वाहन चालक शराब के नशे में था, जिससे वाहन अनियंत्रित हुआ और घटना में एक की मौत व 15 लोग घायल हो गए।
केस 3 : ट्रैक्टर ड्राइवर की मौत
जिले में बाइक सवार को बचाने की कोशिश में तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे 15 ग्रामीण घायल हो गए। इनमें से 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें जिला अस्पताल बालोद में भर्ती कराया गया है।
केस 4 : बाइक चालक को बचाने के प्रयास में पलट गया ट्रैक्टर
26 फरवरी की सुबह ग्राम रजही के ग्रामीण ट्रैक्टर में सवार होकर रजही डैम गए थे। वहां भोजन करने के बाद दोपहर करीब 1.30 बजे पथराटोला मार्ग से खटला लेकर वापस गांव लौट रहे थे। तभी बाइक चालक का बचाने के प्रयास टै्रक्टर पलट गया। इस घटना में टैक्टर चालक की मौत व 16 लोग घायल हो गए थे।
यह भी पढ़ें :
बदला मापदंड, अब सदर मार्ग पर दोनों ओर साढ़े तीन मीटर हटेगा अतिक्रमण
ग्रामीण इलाकों में आवागमन का बड़ा जरिया
ग्रामीण इलाकों में मालवाहक आवागमन का बड़ा जरिया हैं। वैवाहिक कार्यक्रम हो या अन्य कोई विशेष अवसर, ग्रामीण आने-जाने के लिए इन्हीं का इस्तेमाल करते हैं। इस कारण ग्रामीण इलाके में ही ऐसी घटनाएं ज्यादा हो रही हैं।
यातायात प्रभारी ने कहा लगातार की जा रही कार्रवाई
यातायात प्रभारी रविशंकर पांडेय ने बताया विभाग लगातार लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है। कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


