शिवपुरी में अवैध अहाते पर छापा:परशुराम चौराहे पर शराब ठेकेदार की दुकान पर कार्रवाई; भागे शराबी

शिवपुरी में अवैध अहाते पर छापा:परशुराम चौराहे पर शराब ठेकेदार की दुकान पर कार्रवाई; भागे शराबी

शिवपुरी में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए फिजिकल थाना पुलिस ने 17 अप्रैल (शुक्रवार) की देर शाम क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला और खुले में शराब पीने वाले हुड़दंगियों पर कार्रवाई की। थाना प्रभारी नम्रता भदौरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने परशुराम चौराहा स्थित एक शराब दुकान पर छापा मारकर हरी जाली (मेटी) लगाकर संचालित किए जा रहे अवैध अहाते को बंद कराया, जिससे शराबियों में भगदड़ मच गई। वर्तमान में पुलिस ने खुले में शराब पीने वालों को सख्त चेतावनी दी है और शहर में जुआ-सट्टा व अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान तेज करने की बात कही है। करौंदी सम्बेल से सिद्धेश्वर मेला ग्राउंड तक निकाला फ्लैग मार्च पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक व सीएसपी के मार्गदर्शन में जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार देर शाम थाना प्रभारी नम्रता भदौरिया अपनी टीम के साथ सड़क पर उतरीं। पुलिस टीम ने पैदल गश्त करते हुए करौंदी सम्बेल से करौंदी दो बत्ती चौराहा और सिद्धेश्वर मेला ग्राउंड तक फ्लैग मार्च निकाला। गश्त के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर उपद्रव कर रहे लोगों को पुलिस ने समझाइश दी और स्पष्ट किया कि खुले में शराब पीना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ठेकेदार कामेश शिवहरे की दुकान पर कार्रवाई, मची भगदड़ अभियान के तहत पुलिस टीम ने परशुराम चौराहा स्थित ठेकेदार कामेश शिवहरे की शराब दुकान पर छापा मारा। यहां ठेकेदार द्वारा हरी मेटी लगाकर अवैध रूप से अहाते का संचालन किया जा रहा था। पुलिस की कार्रवाई शुरू होते ही वहां शराब पी रहे लोगों में भगदड़ मच गई और कई लोग मौके से भाग निकले। पुलिस ने मौके पर अवैध अहाते को बंद करा दिया है। बता दें कि इस स्थान को लेकर पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि यहां शराबियों का जमावड़ा लगता है और खुले में शराबखोरी होती है। आबकारी की मिलीभगत से शहर में चल रहे कई अवैध अहाते फ्लैग मार्च के दौरान थाना प्रभारी नम्रता भदौरिया ने आमजन से शांति बनाए रखने और कानून का पालन करने की अपील की। शहर भर में शराब दुकान के ठेकेदारों द्वारा दुकानों के पास अस्थाई अहाते बनाए जाने की जानकारी सामने आई है। सरकार ने अहाते बंद कर रखे हैं, लेकिन आरोप है कि आबकारी विभाग की मिलीभगत से ठेकेदार अवैध अहाते संचालित कर रहे हैं, जिनमें लोगों को शराब परोसी जा रही है। इनमें गुरुद्वारा चौराहा, ग्वालियर बायपास सहित अन्य शराब दुकानें शामिल हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *