Ahmedabad: वारंट तामील करने को तीन हजार की घूस लेते बिचौलिए को पकड़ा

Ahmedabad: वारंट तामील करने को तीन हजार की घूस लेते बिचौलिए को पकड़ा

Ahmedabad. गुजरात एसीबी की टीम ने अमराईवाड़ी थाने के सामने चंद्र स्टूडियो में शुक्रवार को जाल बिछाकर कार्रवाई करते हुए एक बिचौलिए को तीन हजार रुपए की रिश्वत लेते पकड़ा है। इस मामले में अमराईवाड़ी थाने के हेड कांस्टेबल किशन कुमार अग्रावत और होमगार्ड जवान केतन जोशी उर्फ सोनू को आरोपी बनाया गया है। दोनों को फरार घोषित किया है।

एसीबी के तहत शिकायतकर्ता के संबंधी ने लालदरवाजा स्थित नेगोशिएबल कोर्ट में केस किया है। उसमें नेगोशिएबल एक्ट की धारा 138 के तहत तीन वारंट निकले हैं, जिन्हें तामील करवाने के लिए शिकायतकर्ता अमराईवाड़ी थाने गए थे और वारंट को तामील करने के लिए हेड कांस्टेबल किशनकुमार से मुलाकात की व वारंट उन्हें सौंपे थे।

टीम ने जाल बिछाकर पकड़ा

आरोप है कि हेड कांस्टेबल किशनकुमार और होमगार्ड केतन ने इन तीनों वारंट को तामील करने के लिए तीन हजार रुपए की रिश्वत की मांग की। यह राशि बिचौलिए विष्णु पटेल को देने के लिए कहा। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहते थे, जिससे उन्होंने एसीबी में शिकायत कर दी। इसके आधार पर शुक्रवार को अहमदाबाद एसीबी पीआइ वी.डी.चौधरी एवं उनकी टीम ने जाल बिछाया। बिचौलिए को रिश्वत लेते रंगेहाथों पकड़ लिया। इस मामले में हेड कांस्टेबल और होमगार्ड को फरार घोषित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *