बरेली-कासगंज रेलमार्ग पर एक मालगाड़ी को संभावित दुर्घटना से बचाने के लिए उझानी के स्टेशन मास्टर अनुराग सिंह को ‘सेफ्टी स्टार ऑफ द मंथ’ से सम्मानित किया गया है। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने गोरखपुर में आयोजित एक समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। यह घटना 19 फरवरी 2026 को हुई थी। मालगाड़ी के गुजरने के दौरान स्टेशन मास्टर अनुराग सिंह की नजर वैगन के एक पहिये पर पड़ी, जो अत्यधिक गर्म होने के कारण लाल हो रहा था। उन्होंने तुरंत रेड सिग्नल देकर गाड़ी को रुकवाया और लोको पायलट तथा गार्ड को इसकी सूचना दी। मालगाड़ी को सावधानीपूर्वक आगे बढ़ाया जांच करने पर पता चला कि वैगन के पहिये का ब्रेक ब्लॉक जाम हो गया था। स्टेशन मास्टर की सतर्कता से समय रहते इस खामी को दूर किया गया, जिससे एक बड़ा रेल हादसा टल गया और मालगाड़ी को सावधानीपूर्वक आगे बढ़ाया गया। रेलवे में संरक्षा के प्रति उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को समय-समय पर सम्मानित किया जाता है। अनुराग सिंह की इस उपलब्धि पर इज्जतनगर बरेली मंडल की प्रबंधक वीणा सिन्हा, अपर प्रबंधक मनोज कुमार और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा सहित कई अधिकारियों ने उनकी सराहना की है।


