गोरखपुर के चिलुआताल थाना क्षेत्र के बंजरहा गांव के पास राप्ती नदी में नहाने गए तीन युवक डूब गए। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने बताया कि बरियारपुर निवासी शुभम यादव (19), अभय उर्फ बंटी (18) और काजीपुर के शिव साहनी (20) शुक्रवार को दोपहर में राप्ती नदी पर निर्माणाधीन पुल के पास नहाने गए थे। इसी दौरान गहरे पानी में जाने से तीनों डूब गए।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने शोर मचाया। जिसके बाद देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना पर मजनू चौकी पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तीनों युवकों की तलाश शुरू कर दी।
समाचार लिखे जाने तक तीनों का कोई पता नहीं चल सका था। पुलिस की सूचना पर पहुंची एनडीआरएफ ने रेस्क्यू शुरू कर दिया है।


