डीएम ने वर्षा प्रभावित गेहूं खरीदने के दिए निर्देश:हाथरस में किया गेहूं क्रय केंद्र का निरीक्षण, पारदर्शिता पर रहा फोकस

डीएम ने वर्षा प्रभावित गेहूं खरीदने के दिए निर्देश:हाथरस में किया गेहूं क्रय केंद्र का निरीक्षण, पारदर्शिता पर रहा फोकस

हाथरस जिले में गेहूं खरीद प्रक्रिया को सुचारू एवं पारदर्शी बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स ने नवीन मण्डी स्थल (हाथरस द्वितीय) स्थित खाद्य विभाग के गेहूं क्रय केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्र पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने बोरे की उपलब्धता की जानकारी ली, जिस पर बताया गया कि 1583 जूट बोरे और 1710 पीपी बोरे उपलब्ध हैं। निरीक्षण के समय ग्राम खुटीपुरी निवासी कृषक अनिल कुमार कौसिक से 30 क्विंटल गेहूं की खरीद की गई। जिला खाद्य विपणन अधिकारी कमला प्रसाद यादव ने बताया कि इस क्रय केंद्र के लिए कुल 1000 मीट्रिक टन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।जिलाधिकारी ने केंद्र पर नमी मापक यंत्र, डस्टर, दो इलेक्ट्रॉनिक कांटे और पेयजल व्यवस्था जैसे आवश्यक उपकरणों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने यूआरएस (URS) और एफएक्यू (FAQ) श्रेणी के गेहूं के अंतर को परखा। जिलाधिकारी ने वर्षा से प्रभावित (लस्टर लॉस) गेहूं को भी नियमानुसार खरीदने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को कोई असुविधा न हो। उन्होंने किसान संपर्क रजिस्टर और टोकन रजिस्टर का अवलोकन करते हुए केंद्र प्रभारी को निर्देशित किया कि टोकन के आधार पर ही गेहूं की तौल सुनिश्चित की जाए, जिससे पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *