संभल जिले में ट्यूबवेल के शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी ने 12 बीघा गेहूं की फसल को जला दिया। इस घटना में लगभग 60 कुंतल गेहूं जलकर राख हो गए, जिससे किसानों को डेढ़ लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। यह घटना संभल जनपद की तहसील गुन्नौर के थाना जुनावई क्षेत्र के गांव लतीफपुर धीर के जंगल में हुई। गुरुवार को खेत में लगे ट्यूबवेल को चालू करते समय निकली चिंगारी गेहूं के खेत में जा गिरी, जिससे आग तेजी से फैल गई। गांव निवासी बॉबी पुत्र देवेंद्र के दो बीघा और बिजेंद्र पुत्र मेवाराम के 10 बीघा गेहूं की फसल आग की चपेट में आ गई। घटना की जानकारी मिलते ही किसान और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। ग्रामीणों ने खेत में कटी पड़ी 20 बीघा गेहूं की फसल को सुरक्षित बचा लिया। किसान बॉबी ने बताया कि उनकी कुल 5 बीघा गेहूं की फसल में से दो बीघा जल गई, जिससे उन्हें लगभग 25,000 रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं, बिजेंद्र ने जानकारी दी कि उनकी 20 बीघा तैयार फसल में से 10 बीघा गेहूं जलकर राख हो गया, जिससे करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। गौरतलब है कि पिछले दिनों हुई ओलावृष्टि, बारिश और तेज आंधी के कारण संभल और चंदौसी तहसील क्षेत्रों में गेहूं की बालियां टूट गई थीं, मक्का की फसल में कीड़ा लग गया था और सरसों की फसल भी खराब हो गई थी। हालांकि, गुन्नौर तहसील क्षेत्र में कम बारिश के बावजूद फसल अच्छी हुई थी और प्रति बीघा 5 से 6 कुंतल गेहूं का उत्पादन हो रहा था, लेकिन आग की लगातार घटनाओं से किसानों को भारी नुकसान हो रहा है।


