तुर्की में अंधाधुंध फायरिंग: नाबालिग लड़के ने 9 लोगों को मार डाला, 20 घायल

तुर्की में अंधाधुंध फायरिंग: नाबालिग लड़के ने 9 लोगों को मार डाला, 20 घायल

Firing in Turkiye: तुर्की में हुई अंधाधुंध फायरिंग में 9 लोगों की मौत हो गई है और 20 लोग घायल हैं। यह घटना बुधवार को तुर्की के दक्षिणी प्रांत कहरामनमारास में हुई। यहां एक स्कूल में 14 साल के लड़के ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस दौरान स्टूडेंट्स ने स्कूल की खिड़कियों से कूदकर अपनी जान बचाई। स्कूल पर हुए इस हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

तुर्की के राष्ट्रपति ने जताया दुख

गोलीबारी की घटना के बाद तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन ने कहा कि इस दुखद हमले में हमने दुर्भाग्य से अपने होनहार बच्चों और एक समर्पित शिक्षक को खो दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लंबा-चौड़ा पोस्ट किया है। एर्दोगन ने लिखा कि घटना के सभी पहलुओं को पूरी तरह से स्पष्ट किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी दी है कि इस हमले से हुए दर्द का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए।

हमले के बाद आरोपी मारा गया

तुर्की में 9 लोगों की हत्या करने वाले 14 वर्षीय आरोपी की गोली लगने से मौत हो गई है। तुर्की के दक्षिणी प्रांत कहरामनमारास के गवर्नर मुकर्रेम उनलुएर ने बताया कि आरोपी के पिता रिटायर्ड पुलिस अधिकारी हैं। आरोपी अपने पिता की बंदूकें लेकर स्कूल पहुंचा था। आरोपी के पास 5 बंदूकें और 7 मैगजीन थीं। इस हमले का मकसद तुरंत पता नहीं चल पाया है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि हमलावर को गोली कैसे लगी है।

घायलों में 6 की हालत गंभीर

तुर्की के गृह मंत्री मुस्तफा सिफ्टसी ने 9 लोगों की मौत और 13 घायलों की पुष्टि की है। जिनमें से 6 लोगों की हालत गंभीर है, वह ICU में भर्ती हैं। मंत्री ने बताया कि हमला करने वाला आरोपी 8वीं कक्षा का छात्र था। वह अपने बैग में बंदूकें लेकर स्कूल आया था। आरोपी दो कक्षाओं में घुस गया और अंधाधुंध गोलीबारी करने लगा। गृह मंत्री मुस्तफा सिफ्टसी ने बताया की आरोपी ने खुद को गोली मार ली है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि उसने आत्महत्या की है या अफरा-तफरी में उसे गोली लगी है।

हमला करने वाले के माता-पिता को पुलिस ने हिरासत में लिया

तुर्की के कहरामनमारास प्रांत में स्कूल में हमला करने वाले छात्र के माता-पिता को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। घटना के बाद स्कूल को 4 दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। मुख्य विपक्षी दल के नेता ओजगुर ओजेल ने स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *