पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के जन्मदिन पर बुधवार को शहर में राजनीतिक सक्रियता और समर्थकों का उत्साह चरम पर नजर आया। पूरे शहर को बधाई संदेशों वाले बैनर और पोस्टरों से सजा दिया गया, जिससे प्रमुख चौराहों से लेकर बाजारों तक उन्होंने अपना वर्चस्व दिखाने का प्रयास किया। सुबह से ही कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने अलग-अलग स्थानों पर बधाई होर्डिंग्स लगाए। खास बात यह रही कि कई जगहों पर सामाजिक कार्यक्रमों के रूप में विशाल भंडारों का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इससे आयोजन को जनसंपर्क और शक्ति प्रदर्शन दोनों का रूप मिला। डॉ. मिश्रा के शहर आगमन पर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह उनका स्वागत किया गया और कई स्थानों पर छोटे-बड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। समर्थकों ने फूलमालाओं और जयकारों के साथ उनका अभिनंदन किया। राजनीतिक संकेतों के रूप में देखा जा रहा आयोजन राजनीतिक हलकों में इसे दतिया विधानसभा में दोबारा चुनाव होने की संभावनाओं को देखते हुए। आगामी गतिविधियों के संकेत के रूप में भी देखा जा रहा है। जन्मदिन के बहाने हुए इस बड़े स्तर के आयोजन ने साफ कर दिया कि क्षेत्र में डॉ. मिश्रा की पकड़ और समर्थकों का नेटवर्क अभी भी मजबूत बना हुआ है।


