लुधियाना के भीड़भाड़ वाले इलाके दरेसी के पास स्थित पुरानी सब्जी मंडी में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। कृष्णा स्वीट शॉप के पास स्थित अंशु वेजिटेरियन ढाबे की दुकान को चोरों ने सोमवार सुबह अपना निशाना बनाया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। सोमवार सुबह की घटना: सफाई के तुरंत बाद घुसा चोर दुकान के मालिक सौरभ ने जानकारी देते हुए बताया कि वारदात सोमवार सुबह की है। रोजाना की तरह सफाई कर्मचारी दुकान की सफाई करके और शटर नीचे गिराकर बाहर गया था। उस वक्त दुकान के अंदर पीछे की तरफ दो कारीगर बर्तन धो रहे थे। इसी बीच एक अज्ञात युवक दुकान के अंदर दाखिल हुआ। पहले हटाया सिलेंडर, फिर गल्ले पर साफ किया हाथ सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि आरोपी युवक बड़े ही शातिर तरीके से अंदर घुसा। उसने सबसे पहले रसोई में जाकर गैस सिलेंडर को चूल्हे से अलग किया ताकि कोई बाधा न आए। इसके बाद वह सीधे मेन ऑफिस (केबिन) में दाखिल हुआ। वहां उसने पहले एक मोबाइल उठाया लेकिन फिर उसे वापस रख दिया। इसके बाद उसने वहां रखा एक बैग और गल्ले (कैश बॉक्स) में पड़ी नकदी पर हाथ साफ किया। चोरी हुआ सामान कैश करीब 12,000 रुपये की नकदी। एक कीमती ओप्पो (Oppo) स्मार्टफोन एक मिनी पर्स जिसमें क्रेडिट कार्ड और जरूरी एटीएम कार्ड थे। पुलिस जांच शुरू: थाना नंबर 4 में दी शिकायत पीड़ित दुकानदार सौरभ ने घटना की फुटेज पुलिस को सौंप दी है। इस मामले में थाना नंबर 4 में लिखित शिकायत दर्ज करवाई गई है। पुलिस सीसीटीवी के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है। बाजार के दुकानदारों में इस चोरी के बाद रोष है और उन्होंने सुबह के समय गश्त बढ़ाने की मांग की है।


