IPL 2026, CSK vs KKR Toss Update: आईपीएल 2026 का 22वां मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जा रहा है, जहां कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। कोलकाता अब तक 4 मुकाबले खेल चुकी है, लेकिन टीम को एक भी जीत नहीं मिली है। एक मुकाबला ड्रॉ रहा है, जिसकी वजह से उसे एक अंक मिला है। हालांकि, अंक तालिका में कोलकाता की टीम आखिरी स्थान पर है।
दूसरी ओर, चेन्नई सुपर किंग्स भी ज्यादा ऊपर नहीं है। चेन्नई ने चार में से सिर्फ एक मुकाबला जीता है और उसके दो अंक हैं, जिससे वह नौवें स्थान पर है। दोनों टीमें इस मुकाबले को जीतकर अंक तालिका में ऊपर चढ़ना चाहेंगी।
चेन्नई सुपर किंग्स की प्लेइंग 11
संजू सैमसन (विकेटकीपर), रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), आयुष म्हात्रे, सरफराज खान, शिवम दुबे, डेवाल्ड ब्रेविस, जेमी ओवरटन, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, गुरजापनीत सिंह और खलील अहमद।
कोलकाता नाइट राइडर्स की प्लेइंग 11
अजिंक्य रहाणे (कप्तान), कैमरन ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), रोवमैन पॉवेल, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, वरुण चक्रवर्ती, वैभव अरोड़ा और कार्तिक त्यागी।
केकेआर ने अपनी प्लेइंग इलेवन से नवदीप सैनी को बाहर कर दिया है और वरुण चक्रवर्ती की वापसी हुई है। रहाणे ने कहा, “हम पहले गेंदबाजी करना चाहेंगे। मुझे लगता है कि पिछला मैच हमारे लिए काफी अच्छा रहा था। बदकिस्मती से नतीजा हमारे पक्ष में नहीं रहा। हालांकि, मुझे लगा कि जिस तरह का क्रिकेट हमने खेला, उससे खिलाड़ियों को पिछले मैच से काफी आत्मविश्वास मिला है। यह सब कुछ नए सिरे से शुरुआत करने के बारे में है। जब चीजें आपके पक्ष में न जा रही हों, तो उस विश्वास को बनाए रखना, सकारात्मक रहना और टी20 फॉर्मेट में उन छोटे-छोटे पलों का महत्व समझना बहुत जरूरी होता है। हमारी टीम में बस एक बदलाव है। वरुण चक्रवर्ती अब फिट हैं। वह नवदीप सैनी की जगह टीम में आए हैं।”
बिना बदलाव के साथ उतरी CSK
टॉस हारने के बाद कप्तान ऋतुराज ने कहा, “हां, हम भी पहले गेंदबाजी ही करते। हालांकि, जैसा कि मैंने कहा कि पूरे मैच के दौरान विकेट में ज्यादा बदलाव नहीं आएगा। इसी वजह से कोई खास फर्क नहीं पड़ता। यकीनन, पहली पारी में स्कोरबोर्ड पर एक बड़ा स्कोर खड़ा करना चुनौतीपूर्ण होगा, लेकिन यह एक बहुत अच्छी पिच लग रही है। हमने प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है।”
चेन्नई सुपर किंग्स ने पिछले मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को 23 रनों से हराते हुए टूर्नामेंट में अपनी जीत का खाता खोला है। संजू सैमसन ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी खेली थी। संजू ने 56 गेंदों में 115 रन बनाए थे, जबकि आयुष म्हात्रे ने 36 गेंदों में 59 रनों की दमदार पारी खेली थी। वहीं, गेंदबाजी में जेमी ओवरटन ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 18 रन देकर 4 विकेट चटकाए थे। वहीं, अंशुल कंबोज ने 3 विकेट निकाले थे।
दूसरी तरफ, कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम 4 मुकाबलों के बाद अभी अंक तालिका में सबसे निचले पायदान पर है। अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में केकेआर ने अब तक कुल 4 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से टीम को 3 में हार का सामना करना पड़ा है। वहीं, एक मुकाबला बेनतीजा रहा है। लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ अजिंक्य रहाणे ने 24 गेंदों में 41 रनों की दमदार पारी खेली थी, जबकि अंगकृष रघुवंशी ने 33 गेंदों में 45 रन बनाए थे। कैमरून ग्रीन और रोवमैन पॉवेल ने भी बल्ले से अहम योगदान दिया था। हालांकि, टीम का गेंदबाजी अटैक इस सीजन काफी कमजोर नजर आया है।



Toss