बॉलीवुड एक्ट्रेस सारा अली खान ने उत्तराखंड की बर्फीली पहाड़ियों पर ट्रैकिंग की। टिहरी में 18 किलोमीटर पैदल चलीं। पंवाली कांठा बुग्याल में बर्फबारी और खूबसूरत वादियों का दीदार किया। भारी बर्फबारी के बीच टेंट लगाकर रात गुजारी। स्थानीय लोगों के साथ समय बिताकर पहाड़ी खाने का आनंद उठाया। ट्रैकर कुलदीप रावत ने बताया कि सारा अली खान 11 अप्रैल को टिहरी के घुत्तू आई थीं। यहां 3 दिन रुकीं और सोमवार यानी 13 अप्रैल को वापस चली गईं। सारा ने ग्वाणा गांव से करीब 18 किलोमीटर लंबे पैदल ट्रैक की शुरुआत की। यह ट्रैक प्राकृतिक सौंदर्य, घने जंगलों और ऊंचे पहाड़ों के बीच से होकर गुजरता है। उन्होंने बताया कि ट्रैक के दौरान सारा ने दोफन नाम की जगह पर रात बिताई। इस इलाके में होटल या रेस्टोरेंट की कोई सुविधा नहीं है। इस वजह से सारा ने टेंट में रुककर रात बिताई। सारा ने स्थानीय लोगों के साथ वक्त बिताया। पहाड़ी कल्चर को करीब से जाना। वापस जाते वक्त उन्होंने कहा- हमेशा ही उत्तराखंड आना बहुत ही खूबसूरत होता है। यह बहुत सुंदर है। यहां आना बहुत ही रोमांचक और सुकून भरा होता है। यहां फिर से आऊंगी। तस्वीरें देखिए- सारा ने लाल चावल, मंडवे की रोटी और लिंगड़ी की सब्जी खाई सारा ने अक्टूबर में किए थे रुद्रनाथ धाम के दर्शन सारा अली खान ने चमोली में स्थित चतुर्थ केदार रुद्रनाथ धाम के कपाट बंद होने से पहले अक्टूबर में दर्शन किए थे। इस दौरान सारा 20 किलोमीटर पैदल चलकर मंदिर पहुंची थी। सारा ने अपनी ये यात्रा चमोली के गोपेश्वर के गंगोल गांव से शुरू की थी। इसके बाद एक दिन बाद वह ल्वींटी बुग्याल पहुंची, जहां पर रात्रि विश्राम के बाद उन्होंने फिर से ट्रेकिंग शुरू की और फिर रुद्रनाथ बाबा के मंदिर तक पहुंच गईं थी। इस पूरी यात्रा के दौरान सारा कई पथरीले और संकरे रास्तों से गुजरीं, बीच में उन्हें कई स्थानीय ग्रामीण भी मिले, जो सारा को देखकर काफी खुश हो गए। सारा अली खान ने ट्रेकिंग के दौरान झोपड़ीनुमा ढाबों पर रुककर चाय पी और स्थानीय लोगों से बातचीत की। उन्होंने यहां के धार्मिक विश्वास, लोक जीवन और पारंपरिक व्यंजनों के बारे में जाना। अभिनेत्री ने पहाड़ की प्राकृतिक सुंदरता और ग्रामीण संस्कृति से खासा प्रभावित होकर इसे यादगार अनुभव बताया था। सारा अली खान कई बार पहुंच चुकी हैं केदारनाथ सारा अली खान का केदारनाथ धाम से खास जुड़ाव रहा है। फिल्म ‘केदारनाथ’ के बनने के बाद वह कई बार धाम में दर्शन के लिए पहुंच चुकी हैं और अब तक बिना किसी रोक-टोक के पूजा-अर्चना करती रही हैं। हालांकि प्रस्तावित नई व्यवस्था लागू होने के बाद उन्हें भी अन्य श्रद्धालुओं की तरह तय प्रक्रिया का पालन करना पड़ सकता है। सारा का केदारनाथ से पहला आध्यात्मिक और पेशेवर जुड़ाव साल 2017 में उनकी डेब्यू फिल्म ‘केदारनाथ’ की शूटिंग के दौरान हुआ था। इसके बाद वह लगातार यहां आती रही हैं। अक्टूबर 2024 में दिवाली से ठीक पहले उन्होंने केदारनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की और फोटो शेयर की थीं। वहीं 2023 में उन्होंने दो बार धाम की यात्रा की 6 मई 2023 को केदारनाथ और तुंगनाथ के दर्शन किए, जबकि करीब छह महीने बाद अक्टूबर 2023 में वह फिर केदारनाथ पहुंचीं। इसके अलावा नवंबर 2021 में सारा अली खान अपनी दोस्त और अभिनेत्री जान्हवी कपूर के साथ भी केदारनाथ दर्शन के लिए पहुंची थीं। 6 साल पहले सारा अली खान ने बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए थे सारा अली खान ने 2020 में काशी में श्री विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन की थी। वो उन दिनों मां अमृता सिंह के साथ वाराणसी में फिल्म की शूटिंग कर रही थी। सारा इससे दो दिन पहले गंगा आरती में शामिल हुईं और काशी विश्वनाथ मंदिर में षोडशोपचार पूजा अर्चना की और शिवलिंग को स्पर्श किया। इस पर संतों व विद्वानों ने आपत्ति दर्ज कराई थी। 3 साल पहले की थी महाकाल की पूजा सारा अली खान 2022 में उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में भगवान महाकाल की भस्म आरती में शामिल हुईं थी। भस्म आरती के बाद उन्होंने गर्भगृह में जाकर शिवलिंग के दर्शन किए थे। नंदी हॉल में बैठकर करीब आधा घंटे तक मंत्रों का जाप किया था। ———————– ये खबर भी पढ़िए- दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर ऊपर गाड़ियां चलेंगी, नीचे जानवर निकलेंगे:135KM यूपी से गुजरेगा, 6 घंटे का सफर 3 घंटे में पूरा होगा दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे की सबसे खास बात यह है कि शुरुआत के 18 किलोमीटर तक कोई टोल नहीं देना होगा। 212 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेस-वे का करीब 135 किलोमीटर (64%) हिस्सा यूपी से होकर गुजरता है। इसी वजह से ये जितना फायदेमंद उत्तराखंड के लिए है, उतना ही यूपी के लिए भी है। पूरी खबर पढ़िए
सारा अली खान ने बर्फबारी में टेंट में रात बिताई:उत्तराखंड में ट्रैकिंग की, 18km पैदल चलीं; बोलीं- सुकून मिला


