हापुड़ में धूमधाम से मनी अंबेडकर जयंती:युवाओं ने डीजे पर नृत्य किया, बाबा साहब के मार्ग पर चलने का लिया प्रण

हापुड़ में डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती का आयोजन सोमवार रात 12 बजे से शुरू हो गया। मंगलवार को जिले भर में शोभायात्राएं निकाली गईं, जिनमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। शहर की सड़कें नीले रंग से सराबोर दिखीं और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। रात में मेरठ रोड स्थित बाबा साहब की प्रतिमा के पास लोग डीजे की धुन पर थिरकते नजर आए। यह सिलसिला देर रात तक जारी रहा, जिसमें युवाओं का उत्साह विशेष रूप से देखा गया। मंगलवार सुबह मेरठ तिराहा स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण का दौर शुरू हो गया। विधायक विजय पाल आढ़ती सहित विभिन्न नेताओं और आम लोगों ने डॉ. अंबेडकर को पुष्पांजलि अर्पित की। कांग्रेस, सपा, बसपा समेत अन्य राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी माल्यार्पण किया।
सुबह से ही शुरू हुआ शोभायात्रा का सिलसिला नगर के विभिन्न इलाकों में ढोल-नगाड़ों के साथ अंबेडकर शोभायात्राएं निकाली गईं। इस दौरान युवाओं ने नीले रंग से होली खेली और जमकर नृत्य किया। ये शोभायात्राएं नगर के अलग-अलग मार्गों से गुजरीं। जिले की गढ़मुक्तेश्वर और धौलाना तहसीलों में भी अंबेडकर जयंती मनाई गई। जिले भर में 99 से अधिक शोभायात्राएं निकाली जानी हैं, जिनका सिलसिला देर शाम तक जारी रहने की उम्मीद है। जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय और पुलिस अधीक्षक केजी सिंह सहित अन्य अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए हुए थे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *