‘बंगाल में आपदा आई तो TMC के नेता-मंत्री जश्न मना रहे थे’, PM मोदी का ममता सरकार पर गंभीर आरोप

‘बंगाल में आपदा आई तो TMC के नेता-मंत्री जश्न मना रहे थे’, PM मोदी का ममता सरकार पर गंभीर आरोप

West Bengal Assembly Elections 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को सिलीगुड़ी में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर बंगाल में पिछले साल अक्टूबर की भारी बारिश और लैंडस्लाइड जैसी आपदा के दौरान, जब स्थानीय लोग परेशान थे। उस आपदा के समय TMC के नेता और मंत्री कोलकाता में जश्न मना रहे थे।

PM मोदी का TMC पर तीखा हमला

PM मोदी ने अक्टूबर 2025 की आपदा का जिक्र करते हुए कहा कि जब उत्तर बंगाल के लोग प्राकृतिक आपदा से जूझ रहे थे, उस समय तृणमूल कांग्रेस के नेता और मंत्री कोलकाता में त्योहार मनाने में व्यस्त थे। उन्होंने आरोप लगाया कि तुष्टीकरण की राजनीति के चलते तृणमूल कांग्रेस सिलीगुड़ी कॉरिडोर की सुरक्षा से समझौता कर रही है।

TMC ने विकास को नजरअंदाज किया

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि TMC ने जानबूझकर उत्तर बंगाल के विकास को नजरअंदाज किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस इलाके के लोगों को परिवहन, पर्यटन और उद्योग जैसे सभी क्षेत्रों में नजरअंदाज किया गया। मोदी ने कहा कि उत्तर बंगाल के लिए केंद्र सरकार द्वारा भेजा गया फंड TMC के सिंडिकेट ने हड़प लिया है। TMC ने उत्तर बंगाल के साथ अलग-अलग स्तर पर अन्याय किया है।

TMC को PM मोदी ने दी चेतावनी

चुनावी रैली में PM मोदी ने कहा कि बीजेपी की सरकार बनने के बाद TMC के लुटेरों को पूरी तरह जिम्मेदार ठहराया जाएगा। PM ने सिलीगुड़ी कॉरिडोर को देश की सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस अपनी तुष्टीकरण की राजनीति के कारण इसकी सुरक्षा से खिलवाड़ कर रही है। टुकड़े-टुकड़े गैंग ने सिलीगुड़ी कॉरिडोर को तोड़ने की धमकी दी थी और पूर्वोत्तर भारत को देश से अलग करने की वकालत की थी। फिर भी तृणमूल कांग्रेस इसी गिरोह को पनाह देती है और खुश करती है। संसद में भी तृणमूल इस गिरोह को अपना समर्थन देती है।

साल 2025 में बंगाल में हुई थी प्राकृतिक घटना

PM मोदी ने साल 2025 में बंगाल में हुई प्राकृतिक घटना को लेकर ममता बनर्जी सरकार पर हमला बोला है। यह घटना अक्टूबर 2025 में उत्तर बंगाल में हुई थी। उस समय भारी बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में कई जगह लैंडस्लाइड हुई थी। इसके बाद अचानक आई बाढ़ में लगभग 25 लोगों की मौत हो गई थी और कई घर-मकान तथा जानवर बह गए थे। ठीक उसी समय 5 अक्टूबर को कोलकाता में दुर्गा पूजा कार्निवल का आयोजन किया गया था। इसके एक दिन बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अन्य मंत्रियों के साथ आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने गई थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *