मानवी मिश्रा बनीं एक दिन की जिलाधिकारी:मऊ में जनसुनवाई कर समस्याओं के निस्तारण के दिए निर्देश

मानवी मिश्रा बनीं एक दिन की जिलाधिकारी:मऊ में जनसुनवाई कर समस्याओं के निस्तारण के दिए निर्देश

मऊ में एक दिन की जिलाधिकारी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य महिला सशक्तिकरण और बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता का विकास करना था। इस अवसर पर देवरिया पब्लिक स्कूल की छात्रा मानवी मिश्रा को एक दिन के लिए जिलाधिकारी बनाया गया। ग्राम काठतरावं, मर्यादपुर, मधुबन, मऊ की निवासी मानवी मिश्रा ने कलेक्ट्रेट सभागार में जनसुनवाई की। उन्होंने जनपद के विभिन्न नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को उनके निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं और महिलाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और प्रशासनिक समझ विकसित करना था। ताकि वे भविष्य में समाज सेवा और शासन-प्रशासन के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा सकें। इस अवसर पर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और मुख्य विकास अधिकारी ने मानवी मिश्रा को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का यह स्वरूप बालिकाओं को बड़े सपने देखने और समाज के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित करता है। छात्रा मानवी मिश्रा ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि ‘एक दिन की जिलाधिकारी’ बनना उनके लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कहा कि इस अनुभव से उन्हें यह समझ मिली कि प्रशासनिक पद पर बैठकर जनता की समस्याओं को सुनना और उनका समाधान करना कितना जिम्मेदारी भरा कार्य है। कार्यक्रम के अंत में, जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र ने संदेश दिया कि मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत बालिकाओं को सशक्त बनाने के लिए इस प्रकार के प्रेरणादायक कार्यक्रम भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे। इस कार्यक्रम में जनपद की महिला पुलिस इंस्पेक्टर, कांस्टेबल, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग से आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और समस्त महिला कल्याण विभाग की टीम उपस्थित रही।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *