हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में नंदरुल रोड़ पर वन विभाग के विश्राम गृह का जीर्णोद्धार के बाद एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने वीरवार को इसका शुभारम्भ किया। इस विश्राम गृह को जनता को समर्पित किया गया है। वन विभाग ने इसके जीर्णोद्धार पर लगभग 22 लाख रुपए खर्च किए हैं। इस रेस्ट हाउस में 4 कमरे, एक कैफेटेरिया और एक कॉन्फ्रेंस हॉल बनाया गया है। परिसर में एक ट्यूलिप गार्डन भी विकसित किया गया है। अजय वर्मा ने बताया कि रेस्ट हाउस के साथ जंगल में 5 लाख रुपए की लागत से एक वाटिका भी विकसित की जाएगी। पर्यटकों और स्थानीय जनता को होगा लाभ वर्मा ने कहा कि कांगड़ा, नगरकोट धाम, मेडिकल कॉलेज टांडा और कांगड़ा किला में रोजाना सैकड़ों लोग आते-जाते हैं। इस रेस्ट हाउस के शुरू होने से पर्यटकों और स्थानीय जनता को लाभ होगा। उन्होंने यह भी बताया कि पुराना कांगड़ा में लोक निर्माण विभाग के साथ वन विभाग का यह दूसरा रेस्ट हाउस है, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा। उन्होंने शीघ्र ही कांगड़ा के तहसील चौक पर सेल्फी पॉइंट के शुभारम्भ की भी घोषणा की। विभाग की वेबसाइट से ऑनलाइन होगी बुकिंग वन विभाग के मंडल वन अधिकारी अमित ने बताया कि रेस्ट हाउस की बुकिंग विभाग की वेबसाइट से ऑनलाइन की जा सकती है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि बरसात के मौसम में कांगड़ा फॉरेस्ट रेंज के अंतर्गत 60 हेक्टेयर क्षेत्र में पौधरोपण किया जाएगा, जिसमें स्वयं सहायता समूहों और युवक-महिला मंडलों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने स्थानीय लोगों से वनों को आग से बचाने में विभाग का सहयोग करने की अपील भी की। इस अवसर पर एसडीएम इशान्त जसवाल, एसीएफ दौलत राम धीमान, डीएम एचआरटीसी पंकज चड्डा, रेंज ऑफिसर संजीव कुमार, लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन रवि भूषण, पूर्व नप अध्यक्ष सुमन वर्मा, उपाध्यक्ष राज कुमारी, पार्षद अनिल, सौरभ, राकेश महाजन और नवनीत शर्मा सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


