पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल लघु दुकानदारों के समर्थन में:बालकोनगर में खाली कराने की नोटिस का विरोध, प्रबंधन के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी

पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल लघु दुकानदारों के समर्थन में:बालकोनगर में खाली कराने की नोटिस का विरोध, प्रबंधन के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी

कोरबा में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने बालकोनगर के लघु दुकानदारों के समर्थन में एक महत्वपूर्ण बैठक की। यह बैठक उत्सव वाटिका, इंदिरा मार्केट में आयोजित की गई, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बालको प्रबंधन से नोटिस प्राप्त प्रभावित दुकानदार और उनके परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बालकोनगर चैम्बर ऑफ कॉमर्स द्वारा आयोजित इस बैठक में अध्यक्ष सुमेरमल डालमिया विशेष रूप से मौजूद थे। कांग्रेस पार्टी से पीसीसी सचिव विकास सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष सपना चौहान, सांसद प्रतिनिधि मोहन प्रधान, प्रदेश महिला नेत्री रेखा त्रिपाठी, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश पंकज और अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। नोटिस प्राप्त दुकानदारों ने बताया कि प्रबंधन द्वारा उन्हें स्थल खाली करने के लिए 8 अप्रैल तक का अल्टीमेटम दिया गया है। यदि वे स्वयं स्थल खाली नहीं करते हैं, तो प्रबंधन द्वारा बलपूर्वक ठेला-गुमटी हटाने की कार्रवाई की जाएगी। दुकानदारों के हित में हमेशा सक्रिय रहने का आश्वासन इस गंभीर स्थिति पर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वे हर परिस्थिति में इन गरीब और मेहनतकश दुकानदारों के साथ खड़े हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि संकट की इस घड़ी में वे हमेशा उपलब्ध रहेंगे और किसी भी प्रकार की अन्यायपूर्ण कार्रवाई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बालको प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ठेला-गुमटी और दुकानें हटाने का प्रयास किया गया, तो इसके विरोध में जोरदार आंदोलन किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोला जाएगा और बालको द्वारा किए गए कथित अवैध निर्माणों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई के लिए जनआंदोलन किया जाएगा। अग्रवाल ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से भी आह्वान किया कि वे पूरी एकजुटता के साथ प्रभावित दुकानदारों के समर्थन में खड़े रहें। उन्होंने उनके अधिकारों की रक्षा के लिए हर संभव संघर्ष करने का निर्देश दिया। बैठक में उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में इस अन्यायपूर्ण कार्रवाई का विरोध करते हुए संघर्ष का संकल्प लिया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *