संभल में श्रीराम कथा का समापन:महामंडलेश्वर कैलाशानंद गिरि ने राम-रावण युद्ध और राजतिलक प्रसंग सुनाए

संभल में श्रीराम कथा का समापन:महामंडलेश्वर कैलाशानंद गिरि ने राम-रावण युद्ध और राजतिलक प्रसंग सुनाए

संभल के बहजोई नगर स्थित कलेक्ट्रेट के निकट बड़े मैदान में आयोजित पांच दिवसीय श्रीराम कथा का बुधवार को समापन हो गया। अंतिम दिन कथा पंडाल में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सुबह से ही दूर-दराज के क्षेत्रों से भक्त पहुंचने लगे थे। परिसर “जय श्रीराम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा। निरंजनी पीठाधीश्वर आचार्य डॉ. कैलाशानंद गिरी महाराज ने समापन के दिन भगवान श्रीराम की स्तुति “श्रीरामचंद्र कृपालु भजमन” के साथ कथा का शुभारंभ किया। उन्होंने पंचवटी प्रसंग का विस्तार से वर्णन किया और सूर्पणखा प्रसंग को प्रस्तुत किया। महाराज ने मारीच और रावण संवाद, सीता हरण, भगवान राम का विरह तथा रावण-मारीच के छल का वर्णन किया। इसके बाद हनुमान जी के लंका गमन, अशोक वाटिका में माता सीता की खोज और राम की मुद्रिका सौंपने के प्रसंग सुनाए। लंका दहन के वर्णन के दौरान पंडाल तालियों और जयघोष से गूंज उठा। कथा के अंतिम चरण में राम-रावण युद्ध का विस्तृत वर्णन किया गया, जिसमें धर्म और अधर्म के संघर्ष को समझाया गया। कैलाशानंद गिरी महाराज ने कहा कि सत्य, मर्यादा और धर्म की सदैव विजय होती है। भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन और राजतिलक के प्रसंग के साथ कथा का समापन हुआ। कथा के दौरान प्रस्तुत भजनों ने वातावरण को आध्यात्मिक बनाया। इस आयोजन ने क्षेत्र में धार्मिक चेतना को बढ़ावा दिया।
श्रीराम कथा के अंतिम दिन यूपी सरकार की माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी, डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया, बनियाखेड़ा ब्लॉक प्रमुख डॉ. सुगंधा सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष हरेंद्र सिंह रिंकू, साध्वी गीता प्रधान, भवनेश कुमार राघव, भाजपा नेत्री मंजू दिलेर, पालिका अध्यक्ष राजेश शंकर राजू, पूर्व एमएलसी परमेश्वर लाल सैनी, श्रीवंशगोपाल तीर्थ के महंत भगवतप्रिय महाराज, कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम, अलीगढ़ महापौर प्रशांत सिंघल, सीडीओ गोरखनाथ भट्ट, सीएमओ डॉ. तरुण पाठक, एडीएम प्रदीप प्रदीप वर्मा समेत सैकड़ों कार्यकर्ता एवं अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *