Rajasthan: भीषण हादसे में कार के एयरबैग फटे, युवा डॉक्टर की मौत, इकलौते बेटे के गम में माता-पिता को लगा सदमा

Rajasthan: भीषण हादसे में कार के एयरबैग फटे, युवा डॉक्टर की मौत, इकलौते बेटे के गम में माता-पिता को लगा सदमा

बहरोड़ (अलवर)। नांगल खोडिया गांव निवासी विजय सिंह के इकलौते बेटे डॉ. अनुज यादव की भोपालगढ़ के आसोप क्षेत्र में सोमवार को एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। डॉ. अनुज अपने एक मित्र के परिचित के सेवानिवृत्ति (रिटायरमेंट) समारोह में शामिल होने कंकडाय गांव गए थे । वहां से आसोप लौटते समय घुमावदार रास्ते पर आगे से आ एक वाहन को बचाने के प्रयास में उनकी एसयूवी गाड़ी अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पलट गई।

गाड़ी के एयरबैग खुलने के बावजूद फट गए और अनुज गाड़ी के नीचे ही दबे रह गए। गंभीर रूप से घायल अनुज ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। इस हादसे में उनके साथ मौजूद एक अन्य साथी भी घायल है, जिनका अस्पताल में उपचार जारी है। डॉ. अनुज ने वर्ष 2023 में ही फिलीपींस से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की थी और भारत लौटकर वर्तमान में अहमदाबाद में सेवाएं दे रहे थे। उनकी असामयिक मौत से न केवल परिवार बल्कि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

एक ही तारीख ने छीन लिए परिवार के दो इकलौते चिराग

इस दुखद घटना ने परिवार के जख्म और भी गहरे कर दिए हैं। तीन माह पूर्व जनवरी में अनुज के चचेरे भाई राहुल की भी कजाकिस्तान में एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। उस दिन भी 6 तारीख थी और जिस दिन डॉ. अनुज की मौत भी 6 तारीख को हुई। राहुल भी अपने माता-पिता की इकलौती संतान था और डॉ. अनुज भी। एक ही परिवार में दो युवाओं की मौत के बाद न केवल यह परिवार बल्कि पूरा नांगल खोडिया गांव मातम में डूबा है और ग्रामीण व परिजन सदमे में हैं।

चीख-पुकार और आंसुओं में डूबा नांगल खोडिया

युवा डॉक्टर की मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, तो मातम पसर गया। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। मंगलवार शाम को जब गांव में डॉ. अनुज की अंतिम यात्रा निकाली गई, तो वहां मौजूद हर शख्स की आंखें छलक उठीं। भारी संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार और आस-पास के क्षेत्र के लोग इस दुखद घड़ी में परिवार को ढांढस बंधाने पहुंचे। हर किसी की आंखें नम थीं और सभी ने नम आंखों से युवा डॉक्टर को अंतिम विदाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *