रानापुर में झाबुआ रोड स्थित नई मुस्लिम कॉलोनी में शनिवार को हुए पथराव और खूनी संघर्ष में पुलिस ने अब तक 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एडिशनल एसपी प्रतिपाल सिंह महोबिया ने बताया कि अन्य को जल्द पकड़ लिया जाएगा। यह हिंसा पुरानी रंजिश के चलते भड़की थी, जिसमें दो पक्षों के बीच लाठी-डंडे, पत्थर और धारदार हथियार चले। घटना से इलाके में दहशत फैल गई थी। स्थानीय लोग जान बचाने के लिए अपने घरों में दुबकने को मजबूर हो गए थे। सूचना पर थाना प्रभारी दिनेश रावत के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें से गंभीर रूप से घायल लोगों को जिला अस्पताल झाबुआ रेफर किया गया है। 28 लोगों पर केस दर्ज किया पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर कुल 28 नामजद लोगों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। पहले पक्ष की ओर से फरियादी यासीन पिता मोहम्मद मकरानी ने शनिवार देर रात रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपियों की भीड़ ने उनके घर पर हमला कर परिजनों के साथ मारपीट की, बीच-बचाव करने आई महिला के साथ अभद्रता की और घर के बाहर खड़ी कार में तोड़फोड़ कर जान से मारने की धमकी दी। इस रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने सज्जाद, शाजिद, शादिक, जुबेर खान और अन्य सहित रानापुर, दाहोद व अलीराजपुर के निवासियों पर बीएनएस की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। वहीं, दूसरी ओर जावेद पिता बब्बू की शिकायत पर रविवार शाम को पुलिस ने दूसरे पक्ष के 13 लोगों, जिनमें यासीन, कासिम, मोसीन और अन्य शामिल हैं, के खिलाफ लाठी-डंडों से हमला करने के आरोप में जवाबी प्रकरण दर्ज कर कानूनी कार्रवाई को आगे बढ़ाया है।


