मोगा में पुरानी रंजिश ने लिया हिंसक रूप:गोली चली, युवक घायल, चार आरोपियों पर केस दर्ज; पुलिस जांच में जुटी

मोगा में पुरानी रंजिश ने लिया हिंसक रूप:गोली चली, युवक घायल, चार आरोपियों पर केस दर्ज; पुलिस जांच में जुटी

मोगा जिले के गांव स्मालसर में पुरानी रंजिश के चलते एक हिंसक झड़प हुई। इस घटना में गोली चलने और धारदार हथियारों से हमले का मामला सामने आया है। एक युवक को गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि उसके परिवार के अन्य सदस्यों को भी चोटें आई हैं। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। शिकायतकर्ता हरविंदर सिंह उर्फ हिंद (25 वर्ष), निवासी कोठे कमरसर दे, स्मालसर ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 3 अप्रैल की रात करीब 9:30 बजे उनके पिता चमकौर सिंह घर के सामने बने पशु बाड़े में गए हुए थे। इसी दौरान गांव के जसवीर सिंह उर्फ सीरा, जसप्रीत सिंह उर्फ पीता, सुखमंदर सिंह उर्फ मंदर और लवप्रीत सिंह उर्फ लब्बा गली में खड़े थे और उनके पिता के साथ बहस करने लगे। आरोपियों ने नीचे गिरा कर पीटा हरविंदर के अनुसार, शोर सुनकर जब वह मौके पर पहुंचा तो जसप्रीत सिंह ने किरपान से उनके पिता के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। जब हरविंदर अपने पिता को बचाने के लिए आगे बढ़ा, तो जसवीर सिंह ने रिवॉल्वर से उस पर फायर कर दिया। गोली हरविंदर के बाएं पैर की बाहरी तरफ लगी। इसके बाद आरोपियों ने उसे नीचे गिराकर बुरी तरह पीटा। घटना के दौरान शोर सुनकर हरविंदर का भाई सुखजिंदर सिंह, देविंदर सिंह और भाभी देविंदर कौर भी मौके पर पहुंचे। आरोपियों ने उन्हें भी नहीं बख्शा और सभी को चोटें पहुंचाईं। इसके बाद आरोपी अपने-अपने हथियारों के साथ मौके से फरार हो गए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह विवाद गांव में सीवरेज और घरों के पानी की निकासी को लेकर पहले से चली आ रही रंजिश का नतीजा है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109, 115(2), 118(1), 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और मामले की जांच जारी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *