भिवानी पुलिस ने पकड़ा साइबर ठगी का आरोपी:4.50 लाख ठगी में शामिल था हिसार का युवक, वारदात के लिए उपलब्ध करवाई थी सिम

भिवानी पुलिस ने पकड़ा साइबर ठगी का आरोपी:4.50 लाख ठगी में शामिल था हिसार का युवक, वारदात के लिए उपलब्ध करवाई थी सिम

भिवानी साइबर क्राइम पुलिस ने रुपए दोगुने करने के नाम पर 4 लाख 50000 रुपए की धोखाधड़ी के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है। शिकायतकर्ता गांव फरटिया निवासी नरेश ने थाना साइबर क्राइम भिवानी में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि 12 सितंबर 2025 को उसके मोबाइल नंबर पर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा फोन किया गया। जिन्होंने Quick Profit Ready to Change Your Life नामक कंपनी में निवेश करने पर कुछ ही घंटों में पैसे दोगुने करने का लालच दिया। आरोपियों द्वारा बार-बार संपर्क कर उसे विश्वास में लेकर 4 लाख 50,000 रुपए की राशि निवेश करवाई। इसके बाद आरोपी लगातार और पैसे की मांग करने लगे। जिस पर उसे धोखाधड़ी का संदेह हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दी। शिकायत पर थाना साइबर क्राइम में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। हिसार का रहने वाला आरोपी
थाना साइबर क्राइम के जांच अधिकारी सहायक उप निरीक्षक प्रदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हिसार के आदमपुर के टिब्बा बस्ती निवासी सोनू पुत्र विक्रम के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने अन्य साथियों को धोखाधड़ी की वारदात को अंजाम देने के लिए अपने नाम पर सिम उपलब्ध करवाई थी। जिसके बदले में उसे 1000 रुपए प्राप्त हुए थे। मामले में एक आरोपी को पूर्व में ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अन्य संलिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *